Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

सपा सांसद अजेंद्र लोधी पर FIR :PM मोदी पर की थी आपत्तिजनक टिप्पणी, कहा था- ऐसा देश विरोधी प्रधानमंत्री कभी नहीं देखा

महोबा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले में सपा सांसद अजेंद्र सिंह लोधी पर FIR दर्ज हुई है। भाजपा के विरोध प्रदर्शन, पुतला दहन और शिकायत के बाद पुलिस ने गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानिए पूरा विवाद और राजनीतिक प्रतिक्रियाएं।
PM मोदी पर की थी आपत्तिजनक टिप्पणी, कहा था- ऐसा देश विरोधी प्रधानमंत्री कभी नहीं देखा

महोबा। उत्तर प्रदेश के महोबा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर बड़ा राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है। समाजवादी पार्टी (सपा) के सांसद अजेंद्र सिंह लोधी के खिलाफ शहर कोतवाली में गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई है। यह कार्रवाई भाजपा जिला मीडिया प्रभारी की शिकायत और भाजपा कार्यकर्ताओं के विरोध प्रदर्शन के बाद हुई। मामले ने अब प्रदेश की राजनीति में नया सियासी तूफान खड़ा कर दिया है।

क्या है पूरा मामला?

दरअसल, सपा सांसद अजेंद्र सिंह लोधी सोमवार को महोबा कलेक्ट्रेट पहुंचे थे। उनके साथ सपा जिलाध्यक्ष शोभा लाल यादव और बड़ी संख्या में समर्थक मौजूद थे। सपा कार्यकर्ता स्मार्ट मीटर, बिजली कटौती, महंगाई और अन्य जनसमस्याओं को लेकर राज्यपाल के नाम 11 सूत्रीय ज्ञापन देने पहुंचे थे। इसी दौरान पत्रकारों से बातचीत में सांसद ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखी टिप्पणी कर दी।

सांसद ने कहा था कि, देश की जनता ने ऐसा देश विरोधी प्रधानमंत्री पहले कभी नहीं देखा। उन्होंने प्रधानमंत्री की विदेश यात्राओं और खर्चों में कटौती की अपील पर भी सवाल उठाए। इसी दौरान उन्होंने कथित तौर पर अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

EVM और चुनाव को लेकर भी दिया बयान

विवादित टिप्पणी के दौरान सांसद अजेंद्र सिंह लोधी ने भविष्य के चुनावों में ईवीएम का विरोध करने की बात भी कही। उन्होंने आरोप लगाया कि बंगाल चुनाव में लाखों मतदाताओं के नाम काटे गए और ईवीएम बदली गईं। सांसद ने कहा कि आने वाले समय में समाजवादी पार्टी और INDIA गठबंधन बैलेट पेपर से चुनाव कराने की मांग उठाएंगे।

भाजपा कार्यकर्ताओं में भड़का गुस्सा

वीडियो सामने आने के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं में भारी नाराजगी देखने को मिली। भाजपा नेताओं ने इसे प्रधानमंत्री पद और देश की लोकतांत्रिक गरिमा का अपमान बताया। सोमवार शाम भाजपा कार्यकर्ताओं ने महोबा में सपा सांसद का पुतला फूंका और शहर कोतवाली का घेराव कर जोरदार नारेबाजी की। भाजपा नेताओं ने सांसद के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई।

Breaking News

भाजपा जिला मीडिया प्रभारी की शिकायत पर FIR

भाजपा के जिला मीडिया प्रभारी सत्येंद्र प्रताप गुप्ता ने पुलिस को तहरीर देकर सांसद पर कानूनी कार्रवाई की मांग की। इसके बाद शहर कोतवाली पुलिस ने सपा सांसद अजेंद्र सिंह लोधी और उनके अज्ञात समर्थकों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की कई धाराओं में मामला दर्ज किया। पुलिस ने सांसद के खिलाफ धारा 132, धारा 189(2), धारा 352 और धारा 196(1) के तहत मुकदमा दर्ज किया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने की कड़ी निंदा

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी इस पूरे मामले पर तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि, प्रधानमंत्री के खिलाफ इस तरह की असंसदीय टिप्पणी अशोभनीय और अक्षम्य है। योगी ने कहा कि, यह व्यवहार राजनीतिक कुसंस्कार, वैचारिक दिवालियापन और लोकतांत्रिक मर्यादाओं के प्रति अनादर को दिखाता है। उन्होंने इसे 145 करोड़ देशवासियों के जनादेश और विश्वास का अपमान बताया।

भाजपा ने अखिलेश यादव से मांगा जवाब

भाजपा नेताओं ने इस मामले को लेकर समाजवादी पार्टी पर भी निशाना साधा। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री पंकज चौधरी ने कहा कि सपा अब गुंडों और गाली देने वालों की पार्टी बन चुकी है। उन्होंने सपा प्रमुख अखिलेश यादव से सांसद को पार्टी से बाहर निकालने की मांग की। भाजपा नेताओं का कहना है कि, प्रधानमंत्री का पद किसी एक दल का नहीं बल्कि पूरे देश के सम्मान का प्रतीक होता है।

Featured News

सरकार को दी चेतावनी

सांसद ने प्रदर्शन के दौरान स्थानीय मुद्दों को लेकर भी सरकार को चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि यदि 15 जून से पहले नालों की सफाई और चरखारी की टूटी पुलिया की मरम्मत नहीं हुई तो गंभीर परिणाम होंगे।

2027 चुनाव को लेकर भी किया दावा

अजेंद्र सिंह लोधी ने कहा कि, पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक समाज यानी PDA वर्ष 2027 में भाजपा सरकार को सबक सिखाएगा। उन्होंने दावा किया कि समाजवादी पार्टी पूर्ण बहुमत के साथ सत्ता में वापसी करेगी।

अजेंद्र सिंह लोधी पहली बार महोबा से सांसद बने हैं। वह पूर्व विधायक चंद्रनारायण सिंह लोधी उर्फ बड़े लल्लू के बेटे हैं। उनके पिता 1969 और 1974 में विधायक रह चुके हैं।

Manisha Dhanwani
By Manisha Dhanwani

मनीषा धनवानी | जागरण लेकसिटी यूनिवर्सिटी से BJMC | 6 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव में सब-एडिटर, एंकर, ...

Latest Posts