PlayBreaking News

महेश्वर डेस्टिनेशन कैबिनेट : देवी अहिल्या बाई के सुशासन का संदेश देगी मोहन सरकार

Follow on Google News
महेश्वर डेस्टिनेशन कैबिनेट : देवी अहिल्या बाई के सुशासन का संदेश देगी मोहन सरकार
भोपाल। लोकमाता देवी अहिल्याबाई की 300वीं जयंती को समर्पित 'महेश्वर डेस्टिनेशन कैबिनेट' बैठक खरगोन जिले के महेश्वर में शुक्रवार को होने जा रही है। सीएम डॉ. यादव की अध्यक्षता में हो रही कैबिनेट में महिला हितों से जुड़े प्रस्ताव आएंगे। इनमें महिला सशक्तिकरण मिशन प्रमुख है। इस बैठक में सरकार की ओर से कई सौगातें दी जाएंगी। साथ ही आमसभा का भी आयोजन होगा, जिसे लेकर महेश्वर में खास तौर पर सजावट की गई है। मुख्यमंत्री ने कहा है कि राज्य सरकार देवी अहिल्याबाई द्वारा महिला सशक्तिकरण, किसान-कल्याण, सुशासन की दिशा में दिखाए मार्ग पर चलकर समग्र विकास को चरितार्थ करने के लिए संकल्पित है। लोकमाता देवी अहिल्याबाई के सिद्धातों एवं आदर्श राज्य की नीति एवं निर्माण में समाहित किया जाएगा।

महिलाओं के उत्थान के लिए ऐतिहासिक कदम

सूत्रों के अनुसार, कैबिनेट बैठक में महिला हितों से जुड़े प्रस्ताव आ सकते हैं। इनमें महिला सशक्तिकरण मिशन को हरी झंडी मिल सकती है, साथ ही 17 धार्मिक स्थलों पर शराबबंदी का भी निर्णय लिया जा सकता है। बैठक के साथ मंत्रियों के साथ लोकमाता देवी अहिल्याबाई के महल का अवलोकन करेंगे।

अहिल्या घाट एवं सड़कों की सफाई कर किया चकाचक

खरगोन जिले के कलेक्टर कर्मवीर शर्मा बताया कि कैबिनेट बैठक के लिए एमपीटी के नर्मदा रिट्रीट को महेश्वर किले की तर्ज पर सजाया गया है। महेश्वर में किले के साथ ही अहिल्या घाट एवं सड़कों की साफ-सफाई एवं रंग रोगन का कार्य किया गया है। महेश्वर एवं मंडलेश्वर की मुख्य सड़कों के दोनों ओर सफाई कराई गई है और आवारा पशुओं को पकड़कर गोशाला में रखा गया है। अहिल्या घाट पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव एवं मंत्री मण्डल के सदस्यों द्वारा मां नर्मदा का पूजन किया जाएगा।

सिंचाई परियोजना का शिलान्यास

मुख्यमंत्री मंडलेश्वर में नर्मदा घाटी विकास प्राधिकरण की 982 करोड़ 59 लाख रुपए की महेश्वर जानापाव उद्वहन सिंचाई परियोजना का शिलान्यास करेंगे। इस परियोजना के पूर्ण होने पर खरगोन जिले की महेश्वर, धार जिले की पीथमपुर एवं इंदौर जिले की मऊ तहसील के कुल 123 ग्रामों के किसानों के खेत में सिंचाई के लिए नर्मदा का जल पहुंचेगा।

महेश्वर डेस्टिनेशन कैबिनेट के मुख्य आकर्षण

  • महेश्वर में मां नर्मदा के घाटों के साथ ही नगर में भी साज-सज्जा की गई।
  • मुख्यमंत्री डॉ. यादव महेश्वर घाट पर मां नर्मदा की पूजा-अर्चना करेंगे।
  • लोकमाता देवी अहिल्याबाई की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की जाएगी।
  • लोकमाता देवी अहिल्याबाई की स्मृति में पौध-रोपण होगा।
  • मुख्यमंत्री डॉ. यादव, महेश्वरी साड़ी तैयार करने वाली महिला बुनकरों से संवाद करेंगे।
  • मंत्रि-परिषद के सदस्य लोकमाता देवी अहिल्याबाई के महल का अवलोकन करेंगे।
Mithilesh Yadav
By Mithilesh Yadav

वर्तमान में पीपुल्स समाचार के डिजिटल विंग यानी 'पीपुल्स अपडेट' में बतौर सीनियर सब-एडिटर कार्यरत हूं।...Read More

नई दिल्ली
--°
बारिश: -- mmह्यूमिडिटी: --%हवा: --
Source:AccuWeather
icon

Latest Posts