वर्धा समृद्धि एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा :ट्रक से टकराई कार, आग में जिंदा जले 6 लोग

महाराष्ट्र के वर्धा जिले में समृद्धि एक्सप्रेसवे पर सोमवार को दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ। एक कार और इथेनॉल से भरे ट्रक की टक्कर के बाद दोनों वाहनों में भीषण आग लग गई। हादसे में कार में सवार चार लोगों और ट्रक के चालक व क्लीनर समेत कुल छह लोगों की जलकर मौत हो गई।
कैसे हुआ हादसा?
पुलिस के अनुसार, इथेनॉल से भरा एक ट्रक पहले से दुर्घटनाग्रस्त होकर हाईवे पर खड़ा था। इसके कारण ट्रैफिक को दूसरी लेन से निकाला जा रहा था। इसी दौरान पुणे से वर्धा लौट रही तेज रफ्तार कार ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहनों में तुरंत आग लग गई। कार जलते हुए ट्रक के नीचे फंस गई, जिससे उसमें बैठे लोगों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिला।
MBA एडमिशन की खुशी मातम में बदली
कार में सवार परिवार वर्धा जिले के सालोड गांव का रहने वाला था। परिवार अपनी एक जुड़वां बेटी का पुणे में MBA में एडमिशन कराकर वापस लौट रहा था। लेकिन घर पहुंचने से पहले ही पूरा परिवार इस दर्दनाक हादसे का शिकार हो गया।
हादसे में कार सवार अंकुश राऊत, राजेश टिपले, जाह्नवी टिपले और सुषमा टिपले की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, ट्रक चालक संजय कुमार और क्लीनर समरजीत पाल भी आग में झुलसने से जान नहीं बचा सके।
शव निकालने के लिए काटनी पड़ी कार
हादसे की सूचना मिलते ही हाईवे पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं। आग इतनी भीषण थी कि कार पूरी तरह जल चुकी थी। शवों को बाहर निकालने के लिए कार को काटना पड़ा।
पुलिस ने क्या कहा?
पुलिस ने बताया कि कार सवार सभी लोग वर्धा जिले के सालोड गांव के रहने वाले थे। परिवार अपनी बेटी का पुणे में एडमिशन कराकर वापस लौट रहा था। शुरुआती जांच में तेज रफ्तार और पहले से खड़े दुर्घटनाग्रस्त ट्रक से टक्कर हादसे की वजह मानी जा रही है। मामले की जांच जारी है।











