राष्ट्रीय

महाराष्ट्र में भीषण सड़क हादसा: नासिक-शिरडी राजमार्ग पर बस-ट्रक की जोरदार भिड़ंत, 10 साईं भक्तों की मौत; कई घायल

महाराष्ट्र में शुक्रवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। यहां नासिक-शिरडी हाईवे पर एक बस ट्रक से टकरा गई। हादसे में 10 यात्रियों की मौत हो गई और कई लोग घायल बताए जा रहे हैं। जानकारी के मुताबिक, बस में सवार करीब 45-50 लोग साईं बाबा के दर्शन के लिए शिरडी जा रहे थे। वहीं मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को गाड़ियों अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।

मृतकों में 2 बच्चे भी शामिल

हादसे में जान गंवाने वालों में 5 महिलाएं, 3 पुरुष और 2 बच्चे शामिल हैं। हादसे में बस सवार अन्य लोग घायल हुए हैं। घायलों को नासिक जिला अस्पताल, निजी अस्पताल और सिन्नर अस्पताल में भर्ती किया गया है। इनमें से कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।

साईं बाबा के दर्शन के लिए जा रही बस के हादसे के बाद दो टुकड़े हो गए।

शिरडी जा रहे थे सभी

जानकारी के मुताबिक, मुंबई के उल्हासनगर से भक्त साईं दर्शन के लिए शिरडी जा रहे थे। इसी दौरान नासिक की सिन्नार तहसील में पथारे के पास शुक्रवार तड़के बस की ट्रक से टक्कर हो गई। अधिकारियों के मुताबिक, घायलों में कुछ की हालत गंभीर बनी हुई है ऐसे में मृतकों की संख्या बढ़ सकती है।

मृतकों के परिवारों को 5 लाख देने की घोषणा

नासिक-शिर्डी हाईवे पर हुए बस हादसे में लोगों की मौत पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने शोक जताया है। सीएम ने मृतकों के परिवारों को 5-5 लाख रुपए की सहायता राशि देने की घोषणा की है। इसके साथ ही उन्होंने संबंधित अधिकारियों को घटना की जांच के आदेश भी दिए हैं।

राष्ट्रीय की अन्य खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

संबंधित खबरें...

Back to top button