MP Weather Update :तापमान में गिरावट, खंडवा-पचमढ़ी सबसे ठंडे; कई जिलों में बारिश-आंधी का अलर्ट

मध्य प्रदेश में प्री-मानसून गतिविधियों के चलते मौसम का रुख पूरी तरह बदल गया है। प्रदेश के कई जिलों में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि देखने को मिल रही है। इसके कारण दिन और रात के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है और लोगों को गर्मी से राहत मिली है।
खंडवा और पचमढ़ी सबसे ठंडे
रविवार और सोमवार की रात खंडवा प्रदेश का सबसे ठंडा शहर रहा, जहां न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पचमढ़ी में पारा 19.4 डिग्री तक पहुंच गया। प्रमुख शहरों की बात करें तो भोपाल में न्यूनतम तापमान 24.5 डिग्री, इंदौर में 26.4 डिग्री, ग्वालियर और जबलपुर में 24.7 डिग्री तथा उज्जैन में 26 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। दमोह, रीवा, खरगोन और छिंदवाड़ा में भी तापमान सामान्य से कम रहा।
कई जिलों में बारिश और तेज हवाएं
पिछले 24 घंटों के दौरान सतना में सबसे ज्यादा सवा इंच से अधिक बारिश हुई। दतिया में भी अच्छी बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा ग्वालियर, शिवपुरी, गुना, श्योपुर, रीवा, सिवनी, बैतूल, सिंगरौली, मैहर और उमरिया समेत कई जिलों में बारिश हुई। राजधानी भोपाल में सोमवार सुबह से तेज हवाएं चल रही हैं। वहीं शिवपुरी, टीकमगढ़ और गुना में भी बारिश का दौर जारी है।
कई जिलों के लिए अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने आगर-मालवा, शाजापुर, अशोकनगर, राजगढ़, सीहोर, रायसेन, नर्मदापुरम, बैतूल और छिंदवाड़ा जिलों में बिजली गिरने, ओलावृष्टि और 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने की चेतावनी जारी की है।
इसके अलावा भोपाल, ग्वालियर, शिवपुरी, गुना, नीमच और मंदसौर में तेज हवाएं चल सकती हैं। वहीं विदिशा, जबलपुर, मंडला, कटनी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना, रीवा और आसपास के क्षेत्रों में बारिश और आंधी का असर बना रह सकता है।
मानसून की एंट्री में हो सकती है देरी!
मध्य प्रदेश में सामान्य तौर पर मानसून 15 जून के आसपास पहुंचता है। पिछले साल मानसून 16 जून को प्रदेश में दाखिल हुआ था। हालांकि इस बार मानसून अभी तक केरल नहीं पहुंचा है। मौसम विशेषज्ञों का अनुमान है कि इस बार मानसून 20 से 22 जून के बीच मध्य प्रदेश में प्रवेश कर सकता है, यानी करीब एक सप्ताह की देरी हो सकती है।
श्योपुर में बिजली गिरने से युवक की मौत
श्योपुर जिले के ओछापुरा गांव में रविवार देर रात आकाशीय बिजली गिरने से 32 वर्षीय राजेश श्रीवास की मौत हो गई। वह घर के आंगन में सो रहा था, तभी तेज गर्जना के साथ बिजली गिरने से उसकी जान चली गई।
मई में गर्मी भी रिकॉर्ड, बारिश भी ज्यादा
मई महीने में प्रदेश ने भीषण गर्मी और असामान्य बारिश दोनों का सामना किया। खजुराहो में तापमान 47 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया, जबकि नौतपा के दौरान कई जिलों में लगातार आंधी, बारिश और ओलावृष्टि होती रही।
मौसम विभाग के अनुसार, मई में प्रदेश में सामान्य से करीब 56 प्रतिशत अधिक बारिश दर्ज की गई। अगले दो दिनों तक भी कई जिलों में आंधी और बारिश की संभावना बनी हुई है।
अगले चार दिन ऐसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 1 से 4 जून तक प्रदेश के अधिकांश जिलों में आंधी और बारिश का दौर जारी रह सकता है। इससे तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलेगी।
भोपाल में 15 जून तक गर्मी के आसार
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार भोपाल में 15 जून तक गर्मी का असर बना रह सकता है। पिछले 10 वर्षों के आंकड़ों के मुताबिक जून के पहले पखवाड़े में कई बार तापमान 44 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच चुका है। हालांकि, बीच-बीच में बारिश और तेज हवाओं से राहत मिलने की संभावना बनी रहेगी।











