रिश्तों का शर्मनाक खेल!15 साल के किशोर से विधवा बहू की जबरन कराई शादी, नाबालिग ने एसपी से मांगा इंसाफ

मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ जिले से एक बेहद गंभीर मामला सामने आया है। खरगापुर थाना क्षेत्र के 15 वर्षीय नाबालिग ने अपनी सगी बुआ और परिवार के कुछ अन्य लोगों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। किशोर ने पुलिस अधीक्षक (एसपी) कार्यालय पहुंचकर शिकायत दी है और निष्पक्ष जांच के साथ सुरक्षा की मांग की है।
'विधवा बहू की जबरन मांग भरवाई' का आरोप
पीड़ित किशोर का आरोप है कि उसकी बुआ ने अपने दिवंगत बेटे की विधवा बहू की मांग उससे जबरन भरवाई। इसके बाद उस पर महिला के साथ पति-पत्नी की तरह रहने का दबाव बनाया गया। किशोर का कहना है कि उसने इस बात का कई बार विरोध किया, लेकिन उसकी बात नहीं सुनी गई।
माता-पिता की मौत के बाद बुआ के साथ रह रहा था
किशोर ने अपनी शिकायत में बताया कि माता-पिता की मृत्यु के बाद वह अपनी सगी बुआ के घर रह रहा था। इसी दौरान कथित तौर पर उसे एक मंदिर ले जाया गया, जहां उससे बुआ की विधवा बहू की मांग भरवाई गई। बाद में उसे बताया गया कि अब उसकी शादी हो चुकी है और उसे उसी महिला के साथ पति की तरह रहना होगा।
'मैं सिर्फ 15 साल का हूं', फिर भी बनाया गया दबाव
नाबालिग का कहना है कि उसने कई बार बताया कि उसकी उम्र सिर्फ 15 साल है और वह इस रिश्ते के लिए तैयार नहीं है। इसके बावजूद उस पर लगातार मानसिक दबाव बनाया गया। उसने यह भी आरोप लगाया कि उसके साथ जबरन शारीरिक शोषण कराने की कोशिश की गई।
बचपन और पढ़ाई पर पड़ रहा असर
पीड़ित का कहना है कि इस पूरी घटना ने उसका बचपन, पढ़ाई और भविष्य खतरे में डाल दिया है। उसने आरोप लगाया कि बुआ अपने दिवंगत बेटे की विधवा बहू को उसके साथ रखने के लिए लगातार दबाव बना रही है।
पहले भी की थी शिकायत
किशोर ने बताया कि उसने पहले संबंधित थाना पुलिस और 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन पर भी शिकायत की थी, लेकिन उसे कोई राहत नहीं मिली। इसके बाद वह सीधे एसपी कार्यालय पहुंचा और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच, अपनी सुरक्षा और आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की।
पुलिस ने शुरू की जांच
मामले पर टीकमगढ़ के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) ने बताया कि शिकायत प्राप्त हो गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर कानून के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।











