Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

सतना में दंपति की संदिग्ध मौत से सनसनी, घर के कमरे में मिले दोनों के शव

मध्य प्रदेश के सतना जिले के तिवनी गांव में एक दंपति के शव घर के कमरे में मिलने से सनसनी फैल गई। पति रामनिवास कोरी फांसी पर लटका मिला, जबकि पत्नी शकुंतला मृत अवस्था में तख्त पर पड़ी थीं। पुलिस और FSL टीम हत्या, आत्महत्या और हार्ट अटैक समेत सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।
सतना में दंपति की संदिग्ध मौत से सनसनी, घर के कमरे में मिले दोनों के शव

मध्य प्रदेश के सतना जिले के तिवनी गांव में बुधवार सुबह एक दंपति के शव घर के कमरे में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। 45 वर्षीय रामनिवास कोरी का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला, जबकि उनकी 43 वर्षीय पत्नी शकुंतला मृत अवस्था में तख्त पर पड़ी थीं।

कमरे का दरवाजा अंदर से था बंद

घटना के समय कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। पुलिस और फॉरेंसिक टीम को मौके पर खून के निशान या शरीर पर किसी तरह की बाहरी चोट नहीं मिली है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि पति ने पहले पत्नी की गला घोंटकर हत्या की और बाद में खुद फांसी लगा ली। वहीं एक दूसरी संभावना यह भी मानी जा रही है कि पति को फंदे पर लटका देखकर पत्नी को हार्ट अटैक आया हो।

खेत से लौटे पिता ने देखा खौफनाक मंजर

मृतक के पिता मंगल कोरी ने बताया कि वह मंगलवार रात खेत गए थे। बुधवार सुबह करीब 8 बजे घर लौटने पर उन्होंने बेटे और बहू को काफी आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने पड़ोसी की मदद से पीछे का दरवाजा खोला। कमरे के अंदर का दृश्य देखकर उनकी चीख निकल गई। शोर सुनकर घर की छत पर सो रहा 18 वर्षीय बेटा जीशू और आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए।

Breaking News

दो दिन पहले ही घर लौटा था रामनिवास

परिजनों के मुताबिक, रामनिवास कोरी रीवा में एक व्यापारी के यहां ट्रक ड्राइवर का काम करता था। वह खेती-किसानी में भी परिवार का सहयोग करता था और दो दिन पहले ही घर लौटा था। परिवार को अब तक समझ नहीं आ रहा कि इतनी बड़ी घटना कैसे हो गई।

पुलिस और FSL टीम जुटी जांच में

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस और FSL टीम मौके पर पहुंची। फोरेंसिक टीम घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटा रही है, जबकि पुलिस परिवार और आसपास के लोगों से पूछताछ कर मौत की असली वजह जानने की कोशिश कर रही है।

Shivani Gupta
By Shivani Gupta

शिवानी गुप्ता | MCU, भोपाल से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में ग्रेजुएशन | 9 वर्षों की टीवी और डिजिटल तक की य...Read More

Latest Posts