नर्मदापुरम :मॉर्निंग वॉक के दौरान भाजपा नेता भूपेंद्र चौकसे को पालतू कुत्ते ने काटा, मालिक पर एफआईआर

नर्मदापुरम में बुधवार सुबह मॉर्निंग वॉक के दौरान जनपद पंचायत अध्यक्ष और भाजपा नेता भूपेंद्र चौकसे पर एक पालतू कुत्ते ने हमला कर दिया। यह घटना सुबह करीब 7:30 बजे कुलामढ़ी रोड स्थित मंगलमय विलास कॉलोनी में हुई। हमले में उनके पैर में चोट आई, जिसके बाद उन्होंने तुरंत इलाज कराया।
पुलिस ने दर्ज की एफआईआर
घटना के बाद भूपेंद्र चौकसे ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने कुत्ते के मालिक के खिलाफ लापरवाही बरतने के आरोप में मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के मुताबिक, भूपेंद्र चौकसे रोज की तरह मॉर्निंग वॉक पर निकले थे। इसी दौरान एक पालतू कुत्ता अचानक उनकी ओर दौड़ा और उन्हें काट लिया। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उन्हें सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्होंने पुलिस से शिकायत की।
पहले भी कई लोगों को काट चुका है कुत्ता
भूपेंद्र चौकसे का आरोप है कि कॉलोनी निवासी गणेश मिश्रा अपने पालतू कुत्ते को खुला छोड़ देते हैं। उनका कहना है कि यह कुत्ता पहले भी कॉलोनी की तीन-चार महिलाओं सहित चार-पांच अन्य लोगों को काट चुका है। हालांकि, पहले किसी ने इस मामले की पुलिस में शिकायत दर्ज नहीं कराई थी।
कॉलोनी के लोगों ने जताई चिंता
घटना के बाद कॉलोनी के लोगों ने सार्वजनिक जगहों पर पालतू कुत्तों को बिना नियंत्रण के घुमाए जाने पर चिंता जताई है। उन्होंने प्रशासन से ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई करने और लोगों की सुरक्षा के लिए जरूरी कदम उठाने की मांग की है।











