Indore News :17 नहीं, अब 15 जुलाई को होगा इंदौर के नए जिला अस्पताल का शुभारंभ; अधिकारियों को मौके पर रहने के निर्देश

इंदौर के धार रोड स्थित 300 बिस्तरीय नए जिला अस्पताल के उद्घाटन कार्यक्रम की तारीख में बदलाव किया गया है। पहले यह कार्यक्रम 17 जुलाई को प्रस्तावित था, लेकिन अब इसका उद्घाटन 15 जुलाई को सुबह करीब 10 बजे किया जाएगा। तारीख बदलने के बाद प्रशासन ने तैयारियों की रफ्तार और बढ़ा दी है।
हाईटेकऑपरेशन थिएटर
यहां हाईटेक ऑपरेशन थिएटर, आईसीयू, सीटी स्कैन, एक्स-रे, पैथोलॉजी, महिला एवं पुरुष वार्ड, प्रसूति सेवाएं तथा अन्य आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध होंगी। मरीजों और उनके परिजनों की सुविधा के लिए विस्तृत ओपीडी और पर्याप्त पार्किंग की व्यवस्था भी की गई है।
यह परियोजना वर्ष 2023 तक पूरी हो जानी थी, लेकिन निर्माण कार्य में देरी के कारण इसका लोकार्पण करीब तीन वर्ष पीछे चला गया। शुरुआत में इसकी लागत लगभग 50 करोड़ रुपए आंकी गई थी, जो बढ़कर 70 करोड़ रुपए से अधिक हो गई।
मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं की शुरुआत
अस्पताल प्रबंधन के अनुसार 15 जुलाई से मुख्य भवन में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं की शुरुआत की जाएगी। नए मैटरनिटी विंग में दो आधुनिक ऑपरेशन थिएटर बनाए गए हैं। इसके अलावा ओबीएस आईसीयू, ट्रायेज, एएनसी वार्ड, पीएनसी वार्ड, बर्थ वेटिंग रूम और एनबीएचयू (न्यूबॉर्न हेल्थ यूनिट) जैसी सुविधाएं भी शुरू होंगी।
तैयारियों में जुटा प्रशासन
उद्घाटन कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। कलेक्टर के निर्देश पर सभी संबंधित अधिकारियों, कर्मचारियों, डॉक्टरों, नर्सिंग ऑफिसरों और हाउसिंग बोर्ड के सदस्यों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचने के लिए कहा गया है।
अधिकारियों को सौंपी गई जिम्मेदारियां
प्रशासन ने सभी अधिकारियों को उनके दायित्वों का मौके पर रहकर पालन करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही यह भी कहा गया है कि कार्यक्रम के दौरान किसी भी तरह की लापरवाही या कमी नहीं होनी चाहिए।
देर रात तक चली तैयारियां
उद्घाटन कार्यक्रम को अंतिम रूप देने के लिए देर रात तक तैयारियां जारी रहीं। अस्पताल परिसर में व्यवस्थाओं की लगातार समीक्षा की जा रही है, ताकि कार्यक्रम पूरी तरह व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके।
ये अधिकारी रहे मौजूद
तैयारियों का जायजा लेने के दौरान कलेक्टर शिवम वर्मा, सिविल सर्जन डॉ. भूपेंद्र शेखावत, मैनेजर प्रज्ञेश भट्ट, डॉ. प्रवीण जड़िया, डॉ. मयंक सोनी, मैट्रन गायत्री किरण वर्मा सहित अन्य डॉक्टर और नर्सिंग स्टाफ मौजूद रहे।




















