Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

PWD के प्रभारी EE कमलकिशोर सिंगारे के ठिकानों पर EOW का छापा, बालाघाट-छिंदवाड़ा-भोपाल में एक साथ कार्रवाई

मध्य प्रदेश में EOW ने PWD के प्रभारी कार्यपालन यंत्री कमलकिशोर सिंगारे के बालाघाट, छिंदवाड़ा और भोपाल स्थित ठिकानों पर एक साथ छापा मारा। शुरुआती जांच में बालाघाट के घर से करीब 2.50 लाख रुपए नकद और नई स्कॉर्पियो मिलने की जानकारी है। भ्रष्टाचार और आय से अधिक संपत्ति की शिकायत पर कार्रवाई की गई। जांच अभी जारी है।
PWD के प्रभारी EE कमलकिशोर सिंगारे के ठिकानों पर EOW का छापा, बालाघाट-छिंदवाड़ा-भोपाल में एक साथ कार्रवाई
PWD के प्रभारी EE कमलकिशोर सिंगारे के ठिकानों पर EOW का छापा

मध्य प्रदेश में भ्रष्टाचार के खिलाफ आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (EOW) की कार्रवाई जारी है। गुरुवार सुबह EOW की टीमों ने लोक निर्माण विभाग (PWD) के प्रभारी कार्यपालन यंत्री कमलकिशोर सिंगारे के ठिकानों पर एक साथ छापा मारा। बालाघाट, छिंदवाड़ा और भोपाल में यह कार्रवाई सुबह करीब 5:45 बजे शुरू हुई।

भ्रष्टाचार की शिकायत के बाद कार्रवाई

EOW के मुताबिक, कमलकिशोर सिंगारे के खिलाफ भ्रष्टाचार और आय से अधिक संपत्ति से जुड़ी शिकायतें मिली थीं। इन्हीं शिकायतों के आधार पर EOW जबलपुर की टीम ने यह कार्रवाई की। डीएसपी मंजीत सिंह के नेतृत्व में गठित टीम तीनों स्थानों पर दस्तावेज, बैंक खातों, संपत्ति से जुड़े कागजात और अन्य सामान की जांच कर रही है।

बालाघाट के घर से नकदी और स्कॉर्पियो मिली

शुरुआती जांच में EOW को बालाघाट स्थित आवास से करीब 2.50 लाख रुपए नकद, एक नई स्कॉर्पियो और कई खाली लिफाफे मिलने की जानकारी सामने आई है। हालांकि, कार्रवाई अभी जारी है और बरामदगी को लेकर अंतिम स्थिति जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी। EOW की टीम कमलकिशोर सिंगारे को बालाघाट से छिंदवाड़ा स्थित उनके आवास पर भी लेकर पहुंची, जहां सर्चिंग की गई।

/img/15/1788420771682

छिंदवाड़ा के बंगले में भी जांच

छिंदवाड़ा की खान कॉलोनी स्थित बंगले में EOW की टीम ने भी जांच की। घर के दस्तावेज, संपत्ति के कागजात और अन्य जरूरी रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं। सुरक्षा के मद्देनजर बंगले के बाहर पुलिस का वज्र वाहन और एंबुलेंस भी तैनात की गई।

परिजनों के मोबाइल जब्त, लॉकर्स की भी होगी जांच

कार्रवाई के दौरान EOW ने परिवार के सदस्यों के मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। टीम द्वारा बैंक खातों और दस्तावेजों की जांच के साथ बैंक लॉकर्स की भी पड़ताल किए जाने की बात सामने आई है। EOW डीएसपी मंजीत सिंह के मुताबिक, तीनों ठिकानों पर एक साथ कार्रवाई जारी है। दस्तावेजों की जांच की जा रही है और पूरी कार्रवाई के बाद ही मामले की तस्वीर स्पष्ट होगी।

Breaking News

ठेकेदार ने लगाए अवैध वसूली के आरोप

मध्यप्रदेश सिविल कॉन्ट्रैक्टर एसोसिएशन के जनरल सेक्रेटरी यूनुस खान उर्फ पप्पा भाई ने कमलकिशोर सिंगारे के खिलाफ भ्रष्टाचार की शिकायत की थी। शिकायतकर्ता का आरोप है कि जिले के ठेकेदारों को अनावश्यक रूप से परेशान कर अवैध वसूली की जाती थी। यूनुस खान के मुताबिक, एक ठेकेदार के 30 लाख रुपए के काम में कथित तौर पर 10 लाख रुपए कमीशन लिए जाने की शिकायत उन्हें मिली थी। इसके बाद उन्होंने EOW जबलपुर में शिकायत दर्ज कराई।

14 महीने से बालाघाट में प्रभारी EE

कमलकिशोर सिंगारे पिछले करीब 14 महीनों से बालाघाट में प्रभारी कार्यपालन यंत्री के पद पर पदस्थ हैं। फिलहाल EOW की जांच जारी है। कार्रवाई पूरी होने के बाद ही संपत्ति, नकदी और अन्य बरामदगी को लेकर आधिकारिक और पूरी जानकारी सामने आएगी।

Shivani Gupta
By Shivani Gupta

शिवानी गुप्ता | MCU, भोपाल से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में ग्रेजुएशन | 9 वर्षों की टीवी और डिजिटल तक की य...Read More

Latest Posts