Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

‘आज बर्दाश्त नहीं हुआ...’,पति को डंडे से पीट-पीटकर मार डाला, हत्या के बाद थाने पहुंची पत्नी; बोली- सालों से सह रही थी जुल्म

मध्य प्रदेश के छतरपुर में पारिवारिक विवाद के दौरान 30 वर्षीय दीनदयाल कुशवाहा की कथित तौर पर डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। आरोप उनकी पत्नी पर है। घटना के बाद महिला खुद थाने पहुंची और पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दो छोटे बच्चे भी प्रभावित हुए हैं।
पति को डंडे से पीट-पीटकर मार डाला, हत्या के बाद थाने पहुंची पत्नी; बोली- सालों से सह रही थी जुल्म

मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले में एक पारिवारिक विवाद ने दर्दनाक रूप ले लिया। सिविल लाइन थाना क्षेत्र की शिवनगर कॉलोनी में एक महिला पर अपने पति की डंडे से पीट-पीटकर हत्या करने का आरोप लगा है। घटना के बाद महिला खुद थाने पहुंची और पुलिस को पूरी जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

लंबे समय से चल रहा था पति-पत्नी के बीच विवाद

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान 30 वर्षीय दीनदयाल कुशवाहा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच काफी समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था। घटना वाले दिन दीनदयाल अपनी पत्नी के मायके शिवनगर कॉलोनी पहुंचा था, जहां दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया।

कहासुनी के बाद हुआ हिंसक झगड़ा

जानकारी के मुताबिक दीनदयाल का पैतृक घर अनगौर क्षेत्र में है, जबकि उसकी पत्नी का मायका शिवनगर कॉलोनी में स्थित है। ससुराल में दोनों के बीच शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गई। आरोप है कि महिला ने डंडे से पति पर कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। चोटें इतनी गंभीर थीं कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

Crime

घटना के बाद खुद पहुंची थाने

वारदात के बाद महिला सीधे सिविल लाइन थाने पहुंची और पुलिस को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी आशुतोष श्रोत्रिय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

दो बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

बताया जा रहा है कि दंपती के दो छोटे बच्चे हैं। पिता की मौत और मां के पुलिस हिरासत में होने के कारण बच्चों के सामने बड़ा पारिवारिक संकट खड़ा हो गया है। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है।

पुलिस कर रही मामले की जांच

सिविल लाइन थाना पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए हैं और आरोपी महिला से पूछताछ जारी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Shivani Gupta
By Shivani Gupta

शिवानी गुप्ता | MCU, भोपाल से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में ग्रेजुएशन | 9 वर्षों की टीवी और डिजिटल तक की य...Read More

Latest Posts