भोपालमध्य प्रदेश

राजनीति के लिए छोड़ी नौकरी : IAS वरदमूर्ति मिश्रा बनाएंगे नई पार्टी, जानिए क्या कहा…

भोपाल। सरकारी नौकरी को छोड़ने वाले आईएएस वरदमूर्ति मिश्रा अब राजनीतिक दल बना रहे हैं। भोपाल में गुरुवार को उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर नई पार्टी बनाने का ऐलान किया है।

उन्होंने कहा कि करीब 5-6 सालों से मन में उथल-पुथल मची हुई थी। 25 साल तक एक दर्जन से ज्यादा जिलों में रहकर लोगों की परेशानियां जानीं। इन समस्याओं को दूर करने के लिए अब राजनीतिक पार्टी बनाउंगा।

निशाने पर भाजपा-कांग्रेस

वरदमूर्ति मिश्रा ने मीडिया से कहा कि भाजपा से लोग त्रस्त हैं पर कांग्रेस को वोट नहीं देना चाहते हैं। निकाय और पंचायत चुनाव में कांग्रेस को जो बढ़त मिली, वह उसकी सफलता नहीं बल्कि भाजपा के प्रति नाराजगी है। मध्य प्रदेश में तीसरे राजनीतिक विकल्प की जरूरत है। इसकी पूर्ति हमारा दल करेगा, जो लोकलुभावन नारों की राजनीति नहीं बल्कि लोगों की जिंदगी में बदलाव लाने का प्रयास करेगा।

जनता संकट में हैं : वरदमूर्ति मिश्रा

वरदमूर्ति मिश्रा ने कहा वर्तमान में राजनीतिक परिस्थितियां बहुत ही निराशाजनक हो चुकी हैं। सत्ता में शीर्ष पर बैठे लोगों की प्रशासनिक समझ में कमी और दूरदर्शिता के अभाव के कारण आज पूरे मध्य प्रदेश का विकास बाधित हो रहा है। किसी भी सरकार ने जनता से जुड़े मूल मुद्दों पर काम नहीं किया। वर्तमान सरकार तो हर मोर्चे पर विफल है। मध्य प्रदेश के किसान संकट में हैं। शिक्षा व्यवस्था का हाल बेहाल है। बेरोजगारी बढ़ रही है। स्वास्थ्य व्यवस्था चरमरा गई है। जनता आज पीने का पानी और बिजली संकट से जूझ रही है।

आप और सपाक्स कोई विकल्प नहीं

इस दौरान उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी (आप) और सपाक्स कोई राजनीतिक विकल्प नहीं है। आप के प्रत्याशी नगरीय निकाय चुनाव में इसलिए चुनाव जीते क्योंकि लोग कांग्रेस को वोट नहीं देना चाहते थे। आप के प्रत्याशी भी वे थे, जिन्हें भाजपा या कांग्रेस ने टिकट नहीं दिया। सपाक्स एक वर्ग विशेष का समर्थन करने वाली पार्टी बनकर रह गई है।

ये भी पढ़ें: हर घर तिरंगा अभियान : CM शिवराज बोले- मैंने अपना तिरंगा ले लिया, आपने लिया या नहीं? सेल्‍फी प्‍वाइंट पर खिंचवाई फोटो

अन्य राष्ट्रीय खबरों के लिए यहां क्लिक करें…

संबंधित खबरें...

Back to top button