PlayBreaking News

आज से एमपी विधानसभा का मानसून सत्र, कई मुद्दों पर सरकार को घेरने का प्रयास करेगी कांग्रेस, 3 जुलाई को पेश होगा बजट

Follow on Google News
आज से एमपी विधानसभा का मानसून सत्र, कई मुद्दों पर सरकार को घेरने का प्रयास करेगी कांग्रेस, 3 जुलाई को पेश होगा बजट
भोपाल। मध्य प्रदेश विधानसभा का मानसून सत्र आज (1 जुलाई) से शुरू होगा। 19 दिनों तक चलने वाले इस सत्र में 3 जुलाई को बजट पेश किया जाएगा। इसके अलावा विधानसभा सदस्यों ने मानसून सत्र के लिए 4287 प्रश्न पूछे हैं। इस बार सत्र के हंगामेदार होने के आसार हैं। ऐसा माना जा रहा है कि कई मुद्दों पर कांग्रेस पार्टी के विधायक सरकार को घेरने का प्रयास करेंगे।

नर्सिंग कॉलेज घोटाला समेत कई मुद्दे उठाएगा विपक्ष

सत्र की तैयारियों को विधानसभा स्तर पर अंतिम स्वरूप दिया जा चुका है। वहीं, मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस सत्र के दौरान नर्सिंग कॉलेज घोटाला, राज्य सरकार की नाकामियां, भ्रष्टाचार, पेपर लीक, राज्य सरकार पर ऋण समेत अनेक मुद्दे उठाने की तैयारी में है। विपक्षी दल सत्र में विधानसभा चुनाव के समय सत्तारूढ़ दल की ओर से महिलाओं और किसानों संबंधी किए गए वादों को भी उठाएगा।

3 जुलाई को राज्य सरकार पेश करेगी बजट

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, सत्र 1 जुलाई से 19 जुलाई तक प्रस्तावित है। इस अवधि में 14 बैठकें होंगी। 3 जुलाई को राज्य सरकार अपना बजट पेश करेगी। लोकसभा चुनाव के चलते राज्य सरकार ने 1 अप्रैल 2024 से 31 जुलाई 2024 तक लेखानुदान पेश कर पारित कराया था। अब राज्य सरकार शेष 8 माह के लिए बजट पेश करेगी।

वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा पेश करेंगे बजट

इस सत्र के पहले और दूसरे दिन प्रश्नोत्तर काल के बाद शासकीय कार्य होंगे। जिसमें विधेयक पेश किए जाएंगे। इसके बाद 3 जुलाई को मोहन सरकार का बजट पेश होगा। इसमें वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा वर्ष 2024-25 के आय व्यय का लेखा-जोखा पेश करेंगे। सचिवालय की तरफ से जारी जानकारी के मुताबिक, मध्य प्रदेश राजकोषीय उत्तरदायित्व और बजट प्रबंधन की जानकारी सदन के पटल पर सुबह 11:05 बजे रखी जाएगी। 4 और 5 जुलाई को प्रश्नोत्तर काल के बाद बजट पर चर्चा होगी। साथ ही 5 जुलाई को ही अशासकीय संकल्प और विधेयक पेश किए जाएंगे।

बैठकों की तारीख

विधानसभा सचिवालय ने अनुसार, राज्यपाल के अभिभाषण के साथ एक जुलाई से शुरू होने वाले 16वीं विधानसभा के तीसरे सत्र में बैठकों की तारीख हैं- 2 जुलाई, 3 जुलाई, 4 जुलाई, 5 जुलाई, 8 जुलाई, 9 जुलाई, 10 जुलाई, 11 जुलाई, 12 जुलाई, 15 जुलाई, 16 जुलाई, 18 जुलाई और 19 जुलाई।

रामनिवास रावत को कार्यमंत्रणा समिति से हटाया

सत्र शुरू होने से पहले विधानसभा अध्यक्ष के निर्देश पर सचिवालय ने बीजेपी में शामिल हुए कांग्रेस विधायक और पूर्व मंत्री रामनिवास रावत का नाम कार्यमंत्रणा समिति से हटा दिया है। इस समिति में रामनिवास रावत की जगह कांग्रेस के दतिया विधायक राजेंद्र भारती का नाम जोड़ा गया है। मध्य प्रदेश की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें...
Shivani Gupta
By Shivani Gupta

शिवानी गुप्ता | MCU, भोपाल से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में ग्रेजुएशन | 9 वर्षों की टीवी और डिजिटल तक की य...Read More

नई दिल्ली
--°
बारिश: -- mmह्यूमिडिटी: --%हवा: --
Source:AccuWeather
icon

Latest Posts