Peoples Update Special :प्रदेश के 400 शहरों में 500 करोड़ रुपए से सुधरेंगी सड़कें और बनेंगे कम्युनिटी हॉल

अशोक गौतम, भोपाल। देवास नगर निगम के गजरा गियर्स चौराहा निवासी रमेश साहू खुश हैं, क्योंकि इनके घर के सामने की रोड चौड़ी की जा रही है। यह रोड पिछले चार साल से जर्जर थी। इस सड़क से हर दिन करीब 50 हजार वाहन निकलते हैं। नगर निगम द्वारा इसके चौड़ीकरण और निर्माण के साथ स्ट्रीट लाइन के काम में पांच करोड़ रुपए की राशि खर्च की जाएगी। अकेले देवास में ही नहीं बल्कि प्रदेश के चार सौ नगरीय निकायों में सड़कों के निर्माण, पुल-पुलिया, कम्युनिटी हॉल, पाथवे सहित अन्य विकास कार्यों के लिए 1 करोड़ से लेकर 50 करोड़ रुपए तक दिए गए हैं।
एक साल में करना होगा काम
निकायों की मांग और जरूरतों के अनुसार भोपाल, इंदौर, ग्वालियर जबलपुर सहित अन्य निकायों को 500 करोड़ रुपए जारी किए गए हैं। यह काम निकायों को एक साल के अंदर पूरा करना होगा। इसमें विकास कार्यों के लिए कई निकायों ने टेंडर भी जारी कर दिए हैं। कई निकाय विकास कार्यों के लिए टेंडर जारी करने की तैयारी कर रहे हैं।
विधायकों को मिले 5-5 करोड़
विधायकों को भी पांच करोड़ रुपए दिए गए हैं। इससे शहरी क्षेत्रों में विधायक आम जनता की मांग के अनुसार विकास कार्य करा सकेंगे। यह काम नगरीय निकायों के माध्यम से होना है, लेकिन इनमें विधायकों के सहमति होना जरूरी है। विधायकों के यहां से प्रस्ताव तैयार होकर कलेक्टर के यहां से निकायों में भेजे गए हैं। यह राशि विधायक अपने विधानसभा क्षेत्र में ही विकास कार्यों के लिए ही खर्च कर सकेंगे, जिसमें सड़क, नाली, पुल पुलिया, कम्युनिटी हॉल शामिल है। इस निधि के माध्यम से सौंदर्यीकरण का काम नहीं कराया जा सकेगा।
अमृत योजना को भी एक वर्ष में पूरे करने के निर्देश
अमृत योजना को भी एक वर्ष में पूर्ण करने के लिए निकायों और निर्माण एजेंसियों को कहा गया है। अमृत योजना एक के तहत भोपाल, इंदौर जबलपुर, रीवा, कटनी सहित 35 शहरों में सीवेज और पानी का काम पिछले आठ वर्ष से चल रहा है, जो अब अंतिम चरण में है। अमृत -2 में हर घर तक पानी पहुंचाने का काम और सीवेज का काम किया जा रहा है, जिसे दो वर्ष के अंदर पूरा करने के लिए कहा गया है। निकायों में चुनावी वर्ष तक यह काम करीब 60 फीसदी पूरा हो जाएगा, इससे 80 फीसदी शहरवासियों को लाभ मिलना शुरू हो जाएगा।
आगामी चुनाव की तैयारी
निकाय चुनाव वर्ष 2027 में प्रस्तावित है। इसमें जनप्रतिनिधियों के सामने सड़क, बिजली पानी सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं के विकास कार्यों को लेकर वोट मांगने जाना है। ऐसी स्थिति में स्थानीय लोगों की मांग अनुसार प्रस्ताव दिए गए हैं।
अगले माह शुरू होगा काम
हमारे क्षेत्र में कम्युनिटी हॉल और सड़क का निर्माण करने के लिए नपती की गई है। बताया जा रहा है कि अगले माह से यह काम शुरू हो जाएगा। बारिश के दौरान यहां आने जाने में बहुत समस्या होती थी।
पुष्पेंद्र मिश्रा, सर्वधर्म कॉलोनी भोपाल
निकायों से मिले थे प्रस्ताव
निकायों में विकास कार्यों के लिए राशि जारी कर दी गई है। निर्माण और विकास कार्यों के लिए निकायों से पहले प्रस्ताव शासन के पास आए थे, इसी के अनुसार उन्हें राशि जारी की गई है।
संकेत भोंडवे, आयुक्त नगरीय विकास एवं आवास विभाग





















