Lebanon Explosion : बेरूत एयरपोर्ट से उड़ान भरने वाली सभी फ्लाइट्स में पेजर और वॉकी-टॉकी पर बैन, हिजबुल्लाह चीफ नसरुल्लाह ने सीरियल धमाकों को बताया जंग का ऐलान

बेरूत। लेबनान में सिलसिलेवार विस्फोट रुकने का नाम नहीं ले रहा है। हिजबुल्लाह मेंबर्स के पेजर, वॉकी-टॉकी और सोलर एनर्जी सिस्टम में धमाके हुए हैं। इसके बाद अब लेबनान के नागरिक विमानन प्राधिकरण ने बेरूत के राफिक हरीरी इंटरनेशनल एयरपोर्ट से उड़ान भरने वाली सभी फ्लाइट्स में पेजर और वॉकी-टॉकी पर प्रतिबंध लगा दिया है।
एयरलाइन यात्रियों को करें सूचित
लेबनान में पेजर में हुए धमाकों के एक दिन बाद बुधवार को भी देश के कई हिस्सों में इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों में विस्फोट की घटनाएं हुईं जिनमें कई लोगों की मौत हो गई और 3 हजार से अधिक लोग घायल हो गए। प्राधिकारियों ने सभी एयरलाइन कम्पनियों से कहा है कि वे एयरपोर्ट का उपयोग करने वाले यात्रियों को सूचित करें कि जेट विमानों में पेजर और वॉकी-टॉकी ले जाना “अगली सूचना तक” प्रतिबंधित है। इसने कहा कि यात्रियों के पास पाए जाने वाले ऐसे उपकरणों को जब्त कर लिया जाएगा।नसरुल्लाह ने सीरियल धमाकों को लेकर दी कड़ी प्रतिक्रिया
लेबनान के सशस्त्र समूह हिजबुल्लाह चीफ हसन नसरुल्लाह ने सीरियल धमाकों को लेकर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। पेजर और वॉकी-टॉकी ब्लास्ट के बाद अपना पहला भाषण दिया और नसरल्लाह ने धमाके में मारे गए लोगों के प्रति दुख जताया है। नसरुल्लाह ने पेजर धमाकों के बाद इजरायल को कड़े लहजे में धमकी देते हुए कहा कि इसे जंग का ऐलान समझा जाए। गुरुवार को दिए अपने भाषण में नसरल्लाह ने कहा कि उन्हें इस धमाके से अभूतपूर्व झटका लगा है। इजराइल ने इन हमलों के साथ सारी हदें पार कर दी हैं। उन्होंने स्वीकार किया कि हिजबुल्लाह के सदस्यों को 4,000 से ज्यादा पेजर वितरित किए गए थे, जो मंगलवार रात को पूरे लेबनान में एक साथ फट गए, जिसके लिए सशस्त्र समूह ने इजरायल को जिम्मेदार ठहराया हैलेबनान में तीन धमाका
मंगलवार (17 सितंबर) को पहला धमाका : करीब 3000 पेजर में ब्लास्ट से 12 लोगों की गई जान। बुधवार (18 सितंबर) को दूसरा धमाका : वॉकी-टॉकी में ब्लास्ट से 25 लोगों की मौत। गुरुवार (19 सितंबर) को तीसरा धमाका : सोलर सिस्टम में धमाका से 6 लोग घायल हुए।
फोन के इस्तेमाल से बच रहे लोग
तीसरे दिन लेबनान की राजधानी बेरूत के कई घरों में होम सोलर एनर्जी सिस्टम में धमाके किए गए। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सोलर सिस्टम में हुए धमाकों से शहर के ऊपर धुएं की चादर छा गई है। इसे लेकर लोग खासे परेशान नजर आ रहे हैं। काले और धुएंदार आसमान को देखना लोगों में दहशत पैदा कर रहा है। इन सब घटनाओं से आम लोगों के खौफ का आलम ये है कि लोग फोन जैसे डिवाइस के साथ-साथ, रोजमर्रा में काम आने वाले जरूरी तकनीकी उपकरणों के इस्तेमाल से बच रहे हैं।












