लैंड फॉर जॉब केस : ईडी दफ्तर पहुंचे लालू यादव, आज होगी पूछताछ, कल राबड़ी-तेजप्रताप का हुआ था सवालों से सामना, तेजस्वी बोले- एजेंसियां बीजेपी की टीम

पटना। रेलवे में नौकरी के बदले जमीन (लैंड फॉर जॉब) घोटाले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के प्रमुख लालू प्रसाद यादव से पूछताछ जाएगी। इस सिलसिले में आरजेडी प्रमुख लालू यादव पटना स्थित ईडी दफ्तर पहुंच चुके हैं। इससे पहले मंगलवार को पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी और उनके बेटे तेज प्रताप यादव से लंबी पूछताछ की गई थी। आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने इस पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है।
उन्होंने कहा, "एजेंसी तो सारी बीजेपी की टीम है। इनका सारा काम अब बिहार में दिखेगा। हमें कोई फर्क नहीं पड़ता, हम कानून का पालन करेंगे। बुलाया है तो हम लोग जाएंगे लेकिन इन सबसे कुछ होने वाला नहीं है। बीजेपी डर में है, इसलिए यह सब कर रही है। हम बिहार में सरकार बनाएंगे।"
राबड़ी देवी और तेज प्रताप से कई घंटों तक पूछताछ
मंगलवार को ईडी की टीम ने राबड़ी देवी और तेज प्रताप यादव से घंटों तक पूछताछ की। दोनों से अलग-अलग कमरों में सवाल-जवाब किए गए। ईडी सूत्रों के अनुसार, राबड़ी देवी से पूछे गए सवालों में शामिल थे,- दिल्ली के न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी में बंगला कैसे खरीदा गया?
- पटना के सगुना मोड़ पर अपार्टमेंट की जमीन कहां से आई?
- इन संपत्तियों की खरीद के लिए पैसे कहां से आए?
- आपके नाम से जो जमीन है, वह कैसे अर्जित की गई?
- जिन लोगों से नौकरी के बदले जमीन ली गई, वे कौन हैं और आप उन्हें कैसे जानती हैं?
- रेलवे में नौकरी पाने वाले लोग आपके संपर्क में कैसे आए?











