Bhopal Water Crisis:भोपाल में पानी का संकट, पाइपलाइन में लीकेज; बूंद-बूंद को तरस रहे लोग

भोपाल में पर्याप्त जलस्रोत होने के बावजूद कई इलाकों के लोग इन दिनों पानी की किल्लत से जूझ रहे हैं। कोलार प्रोजेक्ट की मुख्य पाइपलाइन में लीकेज के कारण दर्जनों क्षेत्रों में जलापूर्ति प्रभावित हुई है। हालात यह हैं कि टैंकरों से पानी मिलने के बावजूद लोगों की जरूरतें पूरी नहीं हो पा रही हैं।
भोपाल में पानी का संकट, पाइपलाइन में लीकेज; बूंद-बूंद को तरस रहे लोग

भोपाल। कोलार पाइपलाइन में लीकेज के कारण भोपाल के 75 से अधिक इलाकों में पानी की सप्लाई प्रभावित हो गई है। नगर निगम टैंकरों से पानी पहुंचा रहा है, लेकिन लोगों की जरूरतें पूरी नहीं हो पा रही हैं। निरीक्षण के दौरान रहवासियों और जनप्रतिनिधियों ने निगम कमिश्नर के सामने समस्या रखकर जल्द समाधान की मांग की।

जलापूर्ति ना होने से बढ़ी परेशानी

कोलार प्रोजेक्ट की 1650 एमएम व्यास की ग्रेविटी पाइपलाइन में हुए लीकेज के कारण पिछले तीन दिनों से सुधार कार्य जारी है। इसके चलते कोलार लाइन से जुड़े 75 से ज्यादा इलाकों में नियमित जलापूर्ति प्रभावित हो गई है। कई क्षेत्रों के लोगों को दैनिक जरूरतों के लिए भी पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा है। इससे लोगों को काफी परेशानी हो रही है।

टैंकरों से भी नहीं मिल रहा पर्याप्त पानी

नगर निगम द्वारा प्रभावित क्षेत्रों में टैंकरों के माध्यम से जलापूर्ति की जा रही है। तुलसी नगर, जेपी अस्पताल, शिवाजी नगर समेत कई इलाकों में पानी पहुंचाया जा रहा है, लेकिन लोगों को जरुरत के लिए पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा है। कई परिवारों को निजी टैंकरों से पानी खरीदने के लिए अतिरिक्त खर्च उठाना पड़ रहा है। इससे लोगों में नाराजगी है।

पार्षद जगदीश यादव ने संभाली व्यवस्था की कमान

वार्ड क्रमांक 25 के पार्षद और एमआईसी सदस्य जगदीश यादव ने जलसंकट के बीच राहत पहुंचाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाई। उन्होंने अपने वार्ड के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों में भी टैंकरों के माध्यम से पानी की आपूर्ति सुनिश्चित करवाई। स्थानीय लोगों ने उनकी पहल की सराहना करते हुए नियमित जलापूर्ति बहाल करने की मांग भी उठाई।

ये भी पढ़ें: प्रमोटर राजेश मेहता पर ट्रेडिंग बैन: 99% रेवेन्यू फर्जी होने के शक में राजेश एक्सपोर्ट्स पर SEBI का एक्शन, शेयर 5% लोअर सर्किट में लॉक

निगम कमिश्नर संस्कृति जैन ने किया निरीक्षण 

गुरुवार को निगम कमिश्नर संस्कृति जैन बांसखेड़ी क्षेत्र के निरीक्षण पर पहुंचीं। इस दौरान स्थानीय नागरिकों ने उन्हें जलसंकट से जुड़ी समस्याओं से अवगत कराया। लोगों ने बताया कि बीते कई दिनों से पर्याप्त पानी नहीं मिलने के कारण घरेलू कामकाज प्रभावित हो रहे हैं। नागरिकों ने जल्द स्थायी समाधान की मांग भी की।

Rohit Sharma
By Rohit Sharma

पीपुल्स इंस्टीट्यूट ऑफ मीडिया स्टडीज, माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय...Read More

Latest Posts