Kharmas 2025 :16 दिसंबर से शुरू हो रहा खरमास, जानिए नए कपड़े खरीदना शुभ है या नहीं

16 दिसंबर से खरमास की शुरुआत हो रही है। खरमास लगते ही करीब एक महीने तक शुभ और मांगलिक कार्यों को वर्जित माना जाता है। ऐसे में लोगों के मन में कई सवाल उठते हैं, जिनमें से एक अहम सवाल नए कपड़े खरीदने को लेकर होता है।
क्यों लगता है खरमास?
जब सूर्य का गोचर गुरु की राशि धनु या मीन में होता है, तब खरमास लगता है। इस साल 16 दिसंबर को सूर्य धनु राशि में प्रवेश करेंगे, जिसके साथ ही खरमास शुरू हो जाएगा।
कितनी होती है खरमास की अवधि?
खरमास की अवधि लगभग 30 दिनों की होती है। सूर्य जब धनु राशि से निकलकर मकर राशि में प्रवेश करते हैं, तब खरमास समाप्त हो जाता है। इस बार खरमास 16 दिसंबर 2025 से 14 जनवरी 2026 तक रहेगा।
खरमास में क्या करना शुभ नहीं माना जाता?
शास्त्रों के अनुसार खरमास के दौरान शादी-विवाह, गृह प्रवेश, नए मकान या जमीन की खरीद, नया व्यापार शुरू करना और सोना-चांदी की खरीदारी जैसे शुभ-मांगलिक कार्य नहीं किए जाते। यह समय व्रत, तप, पूजा-पाठ और ध्यान के लिए उपयुक्त माना जाता है।
क्या खरमास में नए कपड़े खरीद सकते हैं?
अक्सर लोगों को यह दुविधा रहती है कि क्या खरमास में नए कपड़े खरीदना सही है या नहीं। शास्त्रों में नए कपड़ों की खरीदारी को लेकर कोई सीधी मनाही नहीं बताई गई है। कपड़े हमारी रोजमर्रा की जरूरत का हिस्सा हैं, इसलिए खरमास में नए कपड़े खरीदना और पहनना पूरी तरह ठीक माना जाता है।
किन कपड़ों की खरीदारी से बचें?
हालांकि अगर आप किसी खास शुभ अवसर के लिए कपड़े खरीद रहे हैं, जैसे शादी-विवाह, गृह प्रवेश या अन्य मांगलिक कार्यक्रम, तो बेहतर होगा कि खरमास खत्म होने के बाद ही उनकी खरीदारी करें। इससे धार्मिक मान्यताओं का भी पालन होगा और मन की शांति भी बनी रहेगी।











