कटनी में सड़क हादसा :बनारस से इंदौर जा रही बस 20 फीट गहरी खाई में गिरी, कई यात्री घायल

कटनी में बनारस से इंदौर जा रही भैया ट्रेवल्स की बस तड़के 4 बजे 20 फीट गहरी खाई में पलट गई। हादसे में चालक समेत कई यात्री घायल हुए, लेकिन सभी की जान बच गई। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
बनारस से इंदौर जा रही बस 20 फीट गहरी खाई में गिरी, कई यात्री घायल
कटनी हाईवे पर बड़ा हादसा

मध्य प्रदेश के कटनी जिले में बुधवार तड़के एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। बनारस से इंदौर जा रही भैया ट्रेवल्स की यात्री बस नेशनल हाईवे-30 पर पीर बाबा-चाका बायपास मार्ग स्थित ग्राम द्वारा के पास अनियंत्रित होकर करीब 20 फीट गहरी खाई में पलट गई। हादसा सुबह करीब 4 बजे हुआ, जब अधिकांश यात्री सो रहे थे।

बस पलटते ही मची अफरा-तफरी

बस के खाई में गिरते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंचे और तुरंत राहत कार्य शुरू किया।

पुलिस और ग्रामीणों ने किया रेस्क्यू

सूचना मिलते ही कुठला थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस और स्थानीय लोगों ने मिलकर बस में फंसे यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। हादसे में चालक समेत कई यात्री घायल हुए हैं। सभी घायलों को एम्बुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

Breaking News

बड़ा हादसा टला, सभी यात्री सुरक्षित

राहत की बात यह रही कि 20 फीट गहरी खाई में बस गिरने के बावजूद किसी भी यात्री की मौत नहीं हुई। गंभीर दिख रहे इस हादसे में जनहानि नहीं होने से यात्रियों और स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली।

हाइड्रा क्रेन से निकाली गई बस

हादसे के बाद पुलिस प्रशासन ने हाइड्रा क्रेन की मदद से बस को खाई से बाहर निकाला। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के समय बस तेज रफ्तार में थी।

कुठला थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में चालक को झपकी आने या बस में तकनीकी खराबी जैसी संभावनाओं पर भी जांच की जा रही है।

Shivani Gupta
By Shivani Gupta

शिवानी गुप्ता | MCU, भोपाल से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में ग्रेजुएशन | 9 वर्षों की टीवी और डिजिटल तक की य...Read More

Latest Posts