Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

कटनी-जर्जर स्कूल की छत से गिर रहा प्लास्टर, नया भवन बना 'भूसा घर'

कटनी के बड़वारा ब्लॉक के बम्होरी गांव में शासकीय स्कूल का भवन जर्जर होने से 50 से अधिक बच्चे जोखिम के बीच पढ़ रहे हैं। छत से प्लास्टर गिर रहा है, जबकि पंचायत का नया भवन घटिया निर्माण के कारण अनुपयोगी है और उसमें भूसा भरा है।
कटनी-जर्जर स्कूल की छत से गिर रहा प्लास्टर, नया भवन बना 'भूसा घर'
कटनी जिले में बम्होरी गांव के नए स्कूल भवन में भूसा भरकर रखा गया है।

कटनी। जिले के बड़वारा विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत बम्होरी के बगदरा टोला से शिक्षा व्यवस्था को शर्मसार करने वाली तस्वीर सामने आई है। यहां शासकीय प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालय का भवन खंडहर में तब्दील हो चुका है, जहां 50 से अधिक मासूम बच्चे हर दिन खौफ के साए में पढ़ाई करने को मजबूर हैं। कक्षाओं की छत का प्लास्टर आए दिन टूटकर गिर रहा है, जिससे किसी बड़े हादसे की आशंका बनी हुई है। शनिवार को इस बदहाली का वीडियो वायरल होने के बाद प्रशासनिक अमले में खलबली मच गई।

नए भवन में नहीं लग रही कक्षाएं

दूसरी तरफ, परिसर में पंचायत द्वारा निर्मित नया भवन भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ चुका है। घटिया निर्माण की वजह से यह नया ढांचा कभी कक्षाओं के संचालन योग्य बन ही नहीं पाया। आलम यह है कि जिस नए भवन में बच्चों की कक्षाएं लगनी थीं, वहां गांव के ही एक व्यक्ति ने अवैध रूप से भूसा भरकर कब्जा कर रखा है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि प्रशासन की उदासीनता से लाखों का बजट बर्बाद हुआ और मासूमों का भविष्य दांव पर लगा है।

/img/89/1788706727806

बच्चों की जान जोखिम में

पंचायत के माध्यम से बना नया भवन घटिया निर्माण के कारण अनुपयोगी है और उस पर भूसा रखकर कब्जा कर लिया गया है। विभाग की अनदेखी से बच्चे जान जोखिम में डालकर बैठ रहे हैं। पुराने भवन की तुरंत मरम्मत हो और नए भवन को खाली कराया जाए।

अंबिका द्विवेदी, सरपंच, ग्राम पंचायत बम्होरी

मरम्मत की मंजूरी मिली, जल्द काम शुरू होगा

विद्यालय मरम्मत कार्य की स्वीकृति जारी हो चुकी है, जल्द ही काम शुरू होगा। बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए प्रभारी शिक्षक को निर्देश दिए गए हैं कि कार्य पूरा होने तक स्कूल का संचालन किसी अन्य सुरक्षित स्थान पर ही किया जाए।

प्रेम नारायण तिवारी, डीपीसी, कटनी

Naresh Bhagoria
By Naresh Bhagoria

नरेश भगोरिया। 27 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्ववि...Read More

Latest Posts