कटनी में 1.85 लाख का गांजा जब्त, मुड़वारा स्टेशन के पास हरियाणा का तस्कर गिरफ्तार

कटनी। मुड़वारा रेलवे स्टेशन के पास पुलिस ने 18 किलो से ज्यादा गांजा जब्त कर हरियाणा के 22 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया। जब्त गांजे की कीमत करीब 1.85 लाख रुपये बताई जा रही है, पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पेट्रोलिंग के दौरान घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ा
पुलिस अधीक्षक अभिनव विश्वकर्मा के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य के मार्गदर्शन में कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक राखी पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस टीम 17-18 अगस्त की दरम्यानी रात संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग और पेट्रोलिंग पर थी। इस दौरान मुड़वारा स्टेशन से सिविल लाइन मार्ग पर फुट ओवरब्रिज के पास एक युवक दो ट्रॉली बैग और एक पिट्ठू बैग के साथ संदिग्ध स्थिति में खड़ा दिखाई दिया। पुलिस वाहन को देखते ही आरोपी बैग छोड़कर भागने की कोशिश करने लगा, जिसे पुलिस टीम ने घेराबंदी कर धर दबोचा।
18 किलो से ज्यादा गांजा बरामद
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम योगेश यादव (22 वर्ष), निवासी गदाईपुर, थाना पटौदी, जिला गुरुग्राम (हरियाणा) बताया। पुलिस ने जब स्वतंत्र गवाहों की उपस्थिति में बैगों की तलाशी ली, तो उनमें से कुल 18 पैकेटों में भरा हुआ 18.748 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 908/2026, धारा 8/20 एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल पुलिस आरोपी से कड़ाई से पूछताछ कर रही है ताकि गांजे की खेप की सप्लाई चेन और इससे जुड़े अन्य नेटवर्क का पर्दाफाश किया जा सके।












