राष्ट्रीय

पवन खेड़ा का सवाल : सिर्फ कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा ही क्यों, राजस्थान और कर्नाटक में भाजपा की यात्राएं भी रोकेंगे

चीन में बढ़ते Covid 19 के मामलों के बीच केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया ने यात्रा रोकने लिखा था पत्र

नूंह (हरियाणा)। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया द्वारा राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा स्थगित करने वाले पत्र पर कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने सवाल उठाए हैं। उन्होंने बुधवार को कहा कि केंद्र सरकार चुनिंदा ढंग से ‘भारत जोड़ो यात्रा’ को निशाना बना रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा भी भी तो कर्नाटक और राजस्थान में यात्रा निकाल रही है। क्या केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने उनके आयोजकों को भी पत्र लिखा है?

दरअसल, मांडविया ने राहुल गांधी और राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत को पत्र लिखकर उनसे अनुरोध किया है कि यदि कोविड नियमों का पालन नहीं किया जा सकता, तो वे भारत जोड़ो यात्रा को निलंबित करने पर विचार करें। पवन खेड़ा ने कहा कि सार्वजनिक परिवहन में पाबंदियां नहीं हैं। ऐसे में सरकार को कोविड नियमों की घोषणा करनी चाहिए। यदि सरकार कोई नियम जारी करती है पार्टी उन नियमों का पालन करेगी।

क्या राजस्थान भाजपा अध्यक्ष को भी पत्र भेजा

पवन खेड़ा ने कहा- मुझे आश्चर्य हो रहा है कि ऐसा ही पत्र राजस्थान में भाजपा के अध्यक्ष को क्यों नहीं भेजा गया जो वहां जनाक्रोश यात्रा पर निकले हैं। हम समझते हैं कि उस जनाक्रोश यात्रा के प्रति बहुत उत्साह नहीं है। उसमें लोग नहीं आ रहे हैं। हम यह भी समझते हैं कि भारत जोड़ो यात्रा के प्रति देशभर में काफी उत्साह है और यहां यात्रा में काफी भीड़ है। भाजपा कर्नाटक में भी एक अन्य यात्रा निकाल रही है। क्या स्वास्थ्य मंत्री ने कर्नाटक भाजपा को भी इस तरह से यात्रा निलंबित करने के लिए पत्र लिखा है?

विमान में मास्क से नियम हटा, तो भारत जोड़ो यात्रा की बात क्यों

पवन खेड़ा ने कहा कि यदि आज आपको विमान से यात्रा करनी होती है तो कोई मास्क लगाने या सेनिटाइजर इस्तेमाल करने के लिए नहीं कहेगा। सरकार ने स्वयं इन नियमों को खत्म कर दिया है। सार्वजनिक परिवहन के लिए सरकार ने किसी तरह के कड़े कदम नहीं उठाए हैं। तो फिर राहुल गांधी, कांग्रेस पार्टी और भारत जोड़ो यात्रा ही क्यों? खेड़ा ने सवाल किया क्या सरकार ने संसद का सत्र स्थगित कर दिया? यदि संसद फिजिकली चल सकती है, जनाक्रोश यात्रा हो सकती है, यदि कर्नाटक में भाजपा की यात्रा निकल सकती है, यदि विमान यात्रा में मास्क लगाना अनिवार्य नहीं है तो राहुल गांधी और भारत जोड़ो यात्रा पर ही सरकार की नजर क्यों है?

COVID-19: चीन में Corona के नए वैरिएंट से बिगड़े हालात, क्या भारत के लिए भी खतरे की घंटी?

मंगलवार को सरकार ने लिखा था पत्र

मंगलवार को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने राहुल गांधी और राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को पत्र लिखकर मांडविया ने कहा था कि राजस्थान के तीन भाजपा सांसदों पी पी चौधरी, निहाल चंद और देवजी पटेल ने चिंता जताई है। मांडविया ने पत्र में सांसदों का उल्लेख करते हुए लिखा कि इन तीनों सांसदों ने अनुरोध किया है कि मास्क लगाने और सेनिटाइजर का उपयोग करने समेत कोविड नियमों का कड़ाई से पालन किया जाए और जिन लोगों का टीकाकरण हो चुका है, केवल उन्हें ही यात्रा (भारत जोड़ो यात्रा) में भाग लेने दिया जाए।

आज हरियाणा पहुंची भारत जोड़ो यात्रा

7 सितंबर को कन्याकुमारी से शुरू हुई राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा बुधवार सुबह राजस्थान से हरियाणा में दाखिल हुई। अब तक यात्रा तमिलनाडु, केरल, आंध्रप्रदेश, कर्नाटक, तेलंगाना, महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश और राजस्थान से गुजर चुकी है। यह यात्रा 24 दिसंबर को दिल्ली पहुंचेगी। इसके बाद 8 दिनों के अवकाश के बाद यात्रा उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब होते हुए आखिरी में जम्मू कश्मीर पहुंचेगी।

 

भारत में Corona Alert! मनसुख मंडाविया बोले- कोरोना खत्म नहीं हुआ है… देशभर में निगरानी बढ़ाने के निर्देश

संबंधित खबरें...

Back to top button