जौनपुर दूल्हा हत्याकांड में एनकाउंटर :1 लाख का इनामी रवि यादव ढेर, बारात में आजाद बिंद को मारी थी गोली

जौनपुर। उत्तर प्रदेश के जौनपुर में चर्चित आजाद बिंद हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। दूल्हे की हत्या के मामले में फरार चल रहे 1 लाख रुपए के इनामी आरोपी रवि यादव को पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया। यह कार्रवाई घटना के करीब 25 दिन बाद हुई। हालांकि, इस सनसनीखेज हत्याकांड के दो अन्य आरोपी अब भी फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस के अनुसार, मुठभेड़ के दौरान जवाबी फायरिंग में लाइन बाजार थाना प्रभारी के.के. सिंह भी घायल हो गए। उनके हाथ में गोली लगी है, जबकि एक अन्य पुलिसकर्मी की बुलेटप्रूफ जैकेट पर भी गोली लगी।
ऐसे हुआ पुलिस एनकाउंटर
रविवार और सोमवार की दरम्यानी रात खेतासराय थाना क्षेत्र के गोरारी इलाके में पुलिस चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान बाइक पर दो संदिग्ध युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन दोनों बाइक मोड़कर भागने लगे और पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायरिंग की। इसी दौरान इंस्पेक्टर के.के. सिंह के हाथ में गोली लगी और एक अन्य पुलिसकर्मी की बुलेटप्रूफ जैकेट पर भी गोली लगी। पुलिस की जवाबी फायरिंग में रवि यादव घायल होकर गिर पड़ा, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
अस्पताल में हुई आरोपी की मौत
घायल रवि यादव को पहले प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और फिर जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बाद में उसकी पहचान आजाद बिंद हत्याकांड के आरोपी और 1 लाख के इनामी बदमाश रवि यादव के रूप में हुई। रवि यादव की मौत के बाद पुलिस ने राहत की सांस ली, लेकिन मामले के दो अन्य आरोपी अब भी फरार हैं।
दो आरोपी अब भी फरार
पुलिस के मुताबिक, मुख्य आरोपी प्रदीप बिंद और भोले राजभर अभी भी फरार हैं। दोनों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि, जल्द ही बाकी आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
हाईवे पर फिल्मी अंदाज में की थी हत्या
यह पूरा मामला सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के बड़उर गांव निवासी 24 वर्षीय आजाद बिंद की हत्या से जुड़ा है। आजाद की शादी खेतासराय थाना क्षेत्र के बीबीपुर गांव निवासी सोनी बिंद से तय हुई थी। 1 मई की रात आजाद बिंद फूलों से सजी कार में बारात लेकर निकले थे। परिवार में शादी की खुशियां थीं, लेकिन रास्ते में ही यह खुशी मातम में बदल गई।
बारात जैसे ही खेतासराय के बादशाही बाजार के पास पहुंची, तभी पहले से घात लगाए बाइक सवार बदमाशों ने कार रोक ली। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कुछ ही सेकंड में हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। पहली गोली कार की विंडशील्ड तोड़ते हुए आजाद के सीने में लगी, जबकि दूसरी गोली उनके जबड़े में जा धंसी। गोली लगते ही दूल्हा कार की सीट पर गिर पड़ा और देखते ही देखते फूलों से सजी कार खून से लाल हो गई। वारदात के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।
खून से लाल हुई फूलों से सजी कार
गोली लगते ही दूल्हे की कार खून से लाल हो गई। बारात में शामिल लोग चीखते-चिल्लाते रह गए। आनन-फानन में परिवार वाले आजाद को अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। जिस घर से कुछ देर पहले शहनाई की आवाज आ रही थी, वहां अचानक मातम छा गया। इस घटना ने पूरे जौनपुर समेत उत्तर प्रदेश को हिला दिया था।
शादी से नाराज था मुख्य आरोपी
पुलिस जांच में सामने आया कि इस हत्या के पीछे पुरानी रंजिश और शादी को लेकर विवाद था। जांच के अनुसार लड़की का रिश्तेदार प्रदीप बिंद इस शादी से नाराज था। आरोप है कि उसने अपने साथियों रवि यादव और भोले राजभर के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची थी। पुलिस को यह भी जानकारी मिली कि शादी से पहले आजाद बिंद को धमकी दी गई थी कि वह यह शादी न करें, लेकिन परिवार ने इसे गंभीरता से नहीं लिया।
तीनों आरोपियों पर था 1-1 लाख का इनाम
हत्या के बाद पुलिस और एसटीएफ की कई टीमें आरोपियों की तलाश में जुट गई थीं। पुलिस ने मुख्य आरोपी प्रदीप बिंद, रवि यादव और भोले राजभर पर 1-1 लाख रुपए का इनाम घोषित किया था। पुलिस लगातार अलग-अलग जिलों में दबिश दे रही थी, क्योंकि आरोपी लगातार अपने ठिकाने बदल रहे थे।











