Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

जम्मू-कश्मीर के पुंछ में सरकारी इमारत में ग्रेनेड मिलने से मचा हड़कंप, पुलिस ने इलाके की घेराबंदी की

जम्मू-कश्मीर के पुंछ में सरकारी इमारत में ग्रेनेड मिलने से मचा हड़कंप, पुलिस ने इलाके की घेराबंदी की
पुंछ/जम्मू। जम्मू कश्मीर के पुंछ जिले में एक सरकारी इमारत की छत पर ग्रेनेड मिलने से हड़कंप मच गया। हालांकि, बाद में इसे निष्क्रिय कर दिया गया। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। ग्रेनेड मिलने से वहां सरकारी क्वार्टर में रहने वालों में दहशत फैल गई।

पुलिस ने इलाके की घेराबंदी की

अधिकारियों ने बताया कि गुरुवार शाम राजा सुखदेव जिला अस्पताल के पास एक सरकारी आवास की इमारत की छत पर खेलते समय कुछ बच्चों को ग्रेनेड मिला। इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। पुलिस की एक टीम ने निवासियों और अस्पताल के कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए इलाके की घेराबंदी की है। पुलिस ने बताया कि ग्रेनेड को निष्क्रिय करने के लिए बम निरोधक विशेषज्ञों को बुलाया गया और मामले की जांच शुरू कर दी गई। पुलिस को संदेह है कि किसी ने ग्रेनेड फेंका और वहां से भाग गया। हालांकि यह ग्रेनेड फटा नहीं।

छत पर खेल रहे बच्चों ने मां को बताया

क्वार्टर में रहने वाली महिला गुलफाम ने बताया कि मेरे बच्चे बार-बार कह रहे थे कि छत पर कुछ है और जब मैं वहां गई तो देखा कि कोने में कोई चीज पड़ी है। मेरे छोटे बेटे ने बताया कि उसे लगा था कि ये कोई गड़बड़ चीज है। महिला ने कहा- मुझे लगा कि यह बिजली विभाग का है और मैंने उन्हें फोन किया क्योंकि वे दिन में यहां काम कर रहे थे। जब उन्होंने जांच की तो उन्होंने मुझे सुरक्षाकर्मी को सूचित करने को कहा क्योंकि यह वस्तु उनकी नहीं थी। सुरक्षाकर्मी ने कहा कि यह बम है। सूचना मिलने के बाद पुलिस उपाधीक्षक एक टीम के साथ यहां पहुंचे और आधे घंटे के अंदर ग्रेनेड को वहां से हटा दिया गया। पुलिस ने कहा कि उसने लोगों से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत सुरक्षा एजेंसियों को देने को कहा है। ये भी पढ़ें- जम्मू-कश्मीर के डोडा में सुरक्षाबलों और आतंकवादियों के बीच मुठभेड़, 2 जवान घायल
Shivani Gupta
By Shivani Gupta

शिवानी गुप्ता | MCU, भोपाल से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में ग्रेजुएशन | 9 वर्षों की टीवी और डिजिटल तक की य...Read More

Latest Posts