Gwalior News : ग्वालियर गौरव दिवस का दिन और स्थान बदलने पर एतराज, जयभान सिंह पवैया ने कही ये बात

ग्वालियर। देश के पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी के जन्मदिन पर मनाया जाने वाला ग्वालियर गौरव दिवस अब नहीं मनाया जाएगा। इस पर पूर्व संसद सदस्य जयभान सिंह पवैया ने ट्वीट कर नाराजगी जताई है। उन्होंने लिखा- ग्वालियर गौरव दिवस भारत रत्न अटल जी के जन्मदिन (25 दिसंबर) को नहीं मानेगा। यह पढ़कर मन को वेदना हुई। इसके पीछे क्या मंशा है?
बता दें कि 25 दिसंबर को पूर्व प्रधानमंत्री अटल जी जन्मदिन पर ग्वालियर गौरव दिवस प्रस्तावित था। यहां तक कि मुख्यमंत्री का भी आना प्रस्तावित था। लेकिन अब प्रशासन 26 दिसंबर को ग्वालियर गौरव दिवस आयोजित करेगा। इसका आयोजन महाराजवाड़ा की बजाए जीवाजी यूनिवर्सिटी सभागार में होगा।
पूर्व संसद सदस्य पवैया ने आगे लिखा कि स्वतंत्र भारत में ग्वालियर के जिस सपूत ने अखिल विश्व में हमारी यश पताका फहराई। वह एक और एक सिर्फ अटल जी ही है। उनके कद की किसी से तुलना हो ही नहीं सकती। इसलिए ग्वालियर गौरव दिवस 25 दिसंबर को ही मनाना चाहिए। इसमें किंतु परंतु करके उस पुण्यात्मा का अनादर करने की चेष्टा ना करें। मेरा आग्रह है कि अखिल विश्व में ग्वालियर की यश-पताका के वाहक अटल जी की जन्म जयंती को ही गौरव दिवस मनाया जाए। इसमें ही हमारा गौरव होगा।


25 दिसंबर को ही ग्वालियर गौरव दिवस मनाया जाए: पवैया









