Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

सेल्फी का आखिरी क्लिक... सब खत्म!नरसिंहपुर में पिकनिक से लौट रहे दोस्तों को हाईवा ने कुचला, 5 की मौत; एक की हालत गंभीर

नरसिंहपुर के NH-45 पर हाथीनाला वॉटरफॉल से लौट रहे 6 दोस्तों को तेज रफ्तार हाईवा ने कुचल दिया। हादसे में 5 युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल है। पुलिस ने हाईवा जब्त कर चालक की तलाश शुरू कर दी है।
नरसिंहपुर में पिकनिक से लौट रहे दोस्तों को हाईवा ने कुचला, 5 की मौत; एक की हालत गंभीर
नरसिंहपुर में पिकनिक मनाकर लौट रहे दोस्तों को हाइवा ने रौंदा, घटनास्थल पर जुटी भीड़

नरसिंहपुर। मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर जिले में रविवार शाम दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यहां जबलपुर-भोपाल नेशनल हाईवे-45 पर हाथीनाला वॉटरफॉल से पिकनिक मनाकर लौट रहे दोस्त हाईवे किनारे रुककर तस्वीरें और सेल्फी ले रहे थे। तभी तेज रफ्तार हाईवा ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि चार युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक ने इलाज के दौरान देर रात दम तोड़ दिया। वहीं एक युवक गंभीर रूप से घायल है और उसका इलाज जारी है।

हाथीनाला वॉटरफॉल से लौटते समय हुआ हादसा

पुलिस के मुताबिक सभी युवक जबलपुर जिले के पावला क्षेत्र के रहने वाले थे। रविवार को छुट्टी होने के कारण वे नरसिंहपुर-जबलपुर सीमा स्थित हाथीनाला वॉटरफॉल घूमने गए थे। शाम करीब 6 से 7 बजे के बीच लौटते समय सुआतला थाना क्षेत्र के इंदिरा नगर के पास हाईवे किनारे रुककर फोटो और सेल्फी लेने लगे। इसी दौरान तेज रफ्तार हाईवा ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।

हादसे में 5 युवकों की मौत

इस दर्दनाक हादसे में जान गंवाने वाले युवकों की पहचान इस प्रकार हुई है-

मृतक का नाम

उम्र

राजेंद्र पटेल

22 वर्ष (प्रारंभिक जानकारी)

वीरेंद्र लोधी

20 वर्ष

रामपाल सिंह लोधी

21 वर्ष

जयपाल सिंह लोधी

30 वर्ष

नीरज सिंह लोधी

25 वर्ष

जिंदगी की जंग लड़ रहा एक युवक

हादसे में आकाश सिंह लोधी (24) गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया। पुलिस के अनुसार उनका ऑपरेशन किया गया है और उनकी हालत अब भी गंभीर बनी हुई है।

Featured News

चश्मदीदों ने बताया कैसे हुआ हादसा

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक सड़क से करीब दो फीट की दूरी पर खड़े होकर फोटो खिंचवा रहे थे। तभी तेज रफ्तार हाईवा कुछ ही सेकेंड में वहां पहुंचा और सभी को रौंदते हुए निकल गया। स्थानीय दुकानदारों ने बताया कि टक्कर इतनी तेज थी कि किसी को संभलने का मौका ही नहीं मिला।

7 किलोमीटर दूर जंगल में मिला हाईवा

हादसे के बाद चालक हाईवा लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस की जांच के दौरान दुर्घटना में शामिल हाईवा घटनास्थल से करीब 7 किलोमीटर दूर जंगल में लावारिस हालत में मिला। हालांकि चालक वाहन छोड़कर भाग चुका था। वाहन मालिक की पहचान कर पुलिस आरोपी चालक की तलाश में जुटी है।

Mp latest news

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

सुआतला थाना पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही प्रत्यक्षदर्शियों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं, ताकि हादसे की पूरी तस्वीर सामने आ सके।

पुलिस ने क्या कहा?

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संदीप भूरिया ने बताया कि, हादसे के बाद हाईवा चालक मौके से फरार हो गया था। वाहन बरामद कर लिया गया है और चालक की तलाश जारी है। वहीं पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीणा ने बताया कि हाईवा जंगल में मिला है। वाहन मालिक की जानकारी जुटाकर आरोपी चालक को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

Manisha Dhanwani
By Manisha Dhanwani

मनीषा धनवानी | जागरण लेकसिटी यूनिवर्सिटी से BJMC | 6 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव में सब-एडिटर, एंकर, ...Read More

Latest Posts