Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

इटारसी में पार्षद पर जानलेवा हमला!पैर में मारा चाकू, फायरिंग कर आरोपी फरार

इटारसी में पार्षद पर हुए जानलेवा हमले से इलाके में सनसनी फैल गई है। आरोप है कि अवैध शराब बेचने की शिकायत करने से नाराज आरोपी ने पार्षद पर हमला कर दिया। बदमाश ने पहले पैर में चाकू से वार किया और फिर कट्टे से फायर कर दहशत फैलाने की कोशिश की।
इटारसी में पार्षद जिमी कैथवास को पैर में चाकू मारा

इटारसी। पुरानी इटारसी क्षेत्र में एक बार फिर कानून-व्यवस्था को चुनौती देते हुए बदमाशों ने दुस्साहस का परिचय दिया है।यहां वार्ड क्र.6 के सक्रिय भाजपा पार्षद जिमी कैथवास पर करीब एक दर्जन बदमाशों ने जानलेवा हमला कर दिया।हमले में घायल पार्षद को लहूलुहान हालत में स्थानीय डॉ.श्यामा प्रसाद मुखर्जी शासकीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है,जहां उनका इलाज जारी है।घटना के बाद से ही शहर के राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मच गया है।खेत पर घेरकर किया हमला।

विवाद और फिर चाकूबाजी

पार्षद अपने घाटली स्थित खेत पर मौजूद थे,तभी मुख्य आरोपी अमन राजपूत अपने साथ करीब 10-12 लड़कों को लेकर वहां आ धमका और गाली-गलौज करते हुए विवाद करने लगा। जब पार्षद ने इस हमले का विरोध किया, तो बदमाशों ने उन पर धारदार चाकू से हमला कर दिया। चाकू पार्षद के पैर में लगा,जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।

पार्षद की हालत और उपचार

अस्पताल के डॉक्टरों के मुताबिक,चाकू के गहरे घाव के कारण पार्षद के पैर में टांके आए हैं।अत्यधिक खून बहने के कारण वे काफी कमजोर हो गए हैं,हालांकि फिलहाल उनकी स्थिति स्थिर और खतरे से बाहर बताई जा रही है।

घटना की खबर आग की तरह फैलते ही डॉ.श्यामा प्रसाद मुखर्जी अस्पताल में भाजपा के सैकड़ों कार्यकर्ताओं और समर्थकों का हुजूम उमड़ पड़ा। माहौल में व्याप्त तनाव को देखते हुए सिटी थाना प्रभारी सौरभ पांडे अपने पूरे पुलिस स्टाफ के साथ तुरंत अस्पताल पहुंचे।

पुलिस की कार्रवाई

सिटी पुलिस ने पीड़ित पार्षद के बयानों के आधार पर मुख्य आरोपी अमन राजपूत और उसके अन्य साथियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।पुलिस की अलग-अलग टीमें आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। थाना  प्रभारी सौरभ पांडे ने कहा कि जल्द ही सभी हमलावरों को सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा।

नागरिकों में भय का माहौल

घटना ने पुलिस प्रशासन के माथे पर शिकन पैदा कर दी है,आम नागरिकों में भय का माहौल है, लोगों का कहना है कि 48 घंटे में ये दूसरी वारदात है,और शहर में लगातार ऐसे गिरोह एक्टिव हैं जिन्हें पुलिस का भी डर नहीं दिख रहा है।

Tajul Khan
By Tajul Khan

Latest Posts