Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

इटली में सिखों पर हमला!गुरुद्वारे से निकलते ही दो भारतीयों की गोली मारकर हत्या, बैसाखी के लिए जुटे थे लोग

इटली के बर्गामो प्रांत के कोवो में गुरुद्वारे के बाहर दो भारतीयों की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बैसाखी समारोह के दौरान हुए इस हमले से भारतीय समुदाय में दहशत है। पुलिस ने इसे सुनियोजित हत्या मानते हुए जांच शुरू कर दी है और CCTV फुटेज व गवाहों के आधार पर हमलावर की तलाश जारी है।
गुरुद्वारे से निकलते ही दो भारतीयों की गोली मारकर हत्या, बैसाखी के लिए जुटे थे लोग
Representational Image

इटली से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है, जहां बैसाखी जैसे पवित्र और खुशियों भरे पर्व के बीच अचानक गोलियों की आवाज ने मातम फैला दिया। बर्गामो प्रांत के कोवो इलाके में गुरुद्वारे के बाहर दो भारतीयों की गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह वारदात उस समय हुई जब दोनों श्रद्धालु पूजा के बाद बाहर निकल रहे थे, जिससे पूरे भारतीय समुदाय में दहशत और आक्रोश का माहौल बन गया है।

क्या है पूरा मामला?

इटली के बर्गामो प्रांत के कोवो इलाके में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां गुरुद्वारे के बाहर दो भारतीयों की गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह घटना शुक्रवार देर रात करीब 11:50 बजे उस समय हुई, जब दोनों व्यक्ति बैसाखी समारोह में शामिल होने के बाद बाहर निकल रहे थे। जिस स्थान पर यह कार्यक्रम हो रहा था, वह एक गोदाम था जिसे अस्थायी रूप से गुरुद्वारे के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा था। घटना के समय वहां जश्न का माहौल था, जो अचानक गोलियों की आवाज से खौफ में बदल गया।

मृतकों की पहचान

इस हमले में जान गंवाने वाले दोनों व्यक्तियों की पहचान 48 वर्षीय रागिंदर सिंह और 48 वर्षीय गुरमीत सिंह के रूप में हुई है। रागिंदर सिंह कोवो के निवासी थे, जबकि गुरमीत सिंह एग्नाडेलो इलाके से आए थे। दोनों बैसाखी के कार्यक्रम में श्रद्धा के साथ शामिल होने पहुंचे थे।

कैसे हुआ हमला?

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, हमलावर अचानक मौके पर पहुंचा और बिना किसी चेतावनी के दोनों पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। फायरिंग इतनी तेज और सटीक थी कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। हमले के बाद आरोपी तुरंत कार में बैठकर फरार हो गया। घटनास्थल से करीब 10 खाली कारतूस बरामद किए गए हैं, जिससे यह स्पष्ट होता है कि कई राउंड फायरिंग की गई थी।

Breaking News

तीसरा व्यक्ति बाल-बाल बचा

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इस गोलीबारी के दौरान एक तीसरा व्यक्ति भी वहां मौजूद था, जो बाल-बाल बच गया। बताया गया कि गोलियां उसे छूते हुए निकल गईं, जिससे वह किसी बड़े हादसे का शिकार होने से बच गया। 

हमलावर को लेकर बड़ा खुलासा

घटना के बाद सामने आए चश्मदीदों के बयान ने मामले को और गंभीर बना दिया है। गवाहों का दावा है कि गोली चलाने वाला व्यक्ति भी भारतीय था और वह अक्सर उसी गुरुद्वारे में आता-जाता रहता था। हालांकि, पुलिस ने अभी तक इस बात की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है, लेकिन इस एंगल से जांच की जा रही है।

सुनियोजित हत्या की आशंका

प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि, यह हमला किसी अचानक हुई कहासुनी या झगड़े का नतीजा नहीं था। मौके पर ऐसे कोई संकेत नहीं मिले हैं, जिससे लगे कि विवाद के बाद हिंसा हुई हो। इससे यह आशंका जताई जा रही है कि यह पूरी घटना पहले से ही योजना बनाकर अंजाम दी गई। पुलिस इस केस को सुनियोजित हत्या मानकर जांच आगे बढ़ा रही है।

Featured News

जांच में जुटी पुलिस

घटना के बाद पुलिस ने इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और गवाहों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। इसके अलावा, बरामद कारतूसों की बैलिस्टिक जांच भी की जा रही है, ताकि इस्तेमाल किए गए हथियार और हमलावर तक पहुंचा जा सके। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

हर एंगल से जांच जारी

फिलहाल पुलिस इस मामले में हर संभव एंगल से जांच कर रही है। चाहे वह व्यक्तिगत रंजिश हो, पुराना विवाद हो या कोई अन्य कारण हर पहलू को ध्यान में रखते हुए जांच आगे बढ़ाई जा रही है। अभी तक हमले के पीछे की असली वजह सामने नहीं आई है, लेकिन जांच एजेंसियां हर एंगल से मामले की जांच कर रही हैं।

Manisha Dhanwani
By Manisha Dhanwani

मनीषा धनवानी | जागरण लेकसिटी यूनिवर्सिटी से BJMC | 6 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव में सब-एडिटर, एंकर, ...

Latest Posts