UAE :दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर ईरान का ड्रोन से हमला, एक भारतीय सहित 4 लोग घायल

दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पास बुधवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब दो ड्रोन अचानक गिर गए। स्थानीय अधिकारियों ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि इस हादसे में कुल चार लोग घायल हुए हैं। घायलों में घाना के दो नागरिक और बांग्लादेश का एक नागरिक शामिल है, जिन्हें हल्की चोटें आई हैं।
इसके अलावा एक भारतीय नागरिक भी इस घटना में घायल हुआ है, हालांकि उसकी हालत गंभीर नहीं बताई जा रही है। घटना के तुरंत बाद सुरक्षा एजेंसियों ने मौके पर पहुंचकर पूरे इलाके को सुरक्षित किया और तय प्रोटोकॉल के तहत हालात का आकलन शुरू कर दिया। फिलहाल ड्रोन गिरने के कारणों की जांच की जा रही है।
युद्ध से झुलसा मिडिल ईस्ट
मध्य पूर्व में ईरान और इजरायल के साथ अमेरिका की बढ़ती सैन्य टकराव की स्थिति को अब दो हफ्ते से ज्यादा समय हो चुका है। इस युद्ध का असर पूरे खाड़ी क्षेत्र पर पड़ रहा है और कई देशों में सुरक्षा अलर्ट बढ़ा दिया गया है। इस जंग की वजह से मध्य पूर्व के कई देश भी इसकी चपेट में आ रहे हैं। पहले भी ईरान की ओर से दुबई एयरपोर्ट के आसपास हमलों की खबरें सामने आ चुकी हैं। इसके अलावा शहर के कुछ रिहायशी इलाकों को भी निशाना बनाया गया था, जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया।
क्षेत्रीय देशों से लड़ाई का इरादा नहीं: ईरानी राष्ट्रपति
ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान ने कहा है कि तेहरान की किसी भी क्षेत्रीय देश के साथ जंग में उलझने की मंशा नहीं है। उन्होंने साफ किया कि ईरान अपने पड़ोसी देशों के साथ टकराव नहीं चाहता और क्षेत्र में शांति बनाए रखना चाहता है।
उन्होंने यह भी कहा कि अगर अंतरराष्ट्रीय समुदाय इस जंग के लिए जिम्मेदार ताकतों पर ध्यान नहीं देता, तो इससे वैश्विक व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था को गंभीर खतरा पैदा हो सकता है।
खाड़ी देशों में बढ़े ईरानी हमले
इस बीच खाड़ी क्षेत्र के कई देशों पर ईरान की ओर से ड्रोन और मिसाइल हमलों की घटनाएं बढ़ गई हैं। इनमें संयुक्त अरब अमीरात, सऊदी अरब, कतर, बहरीन और कुवैत शामिल हैं अबू धाबी के रुवैस रिफाइनरी इलाके में भी एक ड्रोन हमले के बाद आग लगने की घटना सामने आई थी, जिसके चलते रिफाइनरी को अस्थायी रूप से बंद करना पड़ा। हालांकि कई मामलों में यूएई की एयर डिफेंस सिस्टम ने मिसाइलों और ड्रोन को हवा में ही नष्ट कर दिया।
28 फरवरी से जारी हैं हमले
रिपोर्ट्स के मुताबिक 28 फरवरी 2026 को जंग शुरू होने के बाद से अब तक ईरान खाड़ी देशों की ओर सैकड़ों मिसाइल और ड्रोन दाग चुका है। इन हमलों का मकसद क्षेत्र में दबाव बनाना माना जा रहा है।
हालांकि खाड़ी देशों, खासकर यूएई ने अपने एयर डिफेंस सिस्टम की मदद से ज्यादातर हमलों को इंटरसेप्ट कर दिया है, जिससे बड़े नुकसान को टाल दिया गया।
घायल भारतीय नागरिक पर नजर
दुबई में हाल ही में हुए ड्रोन हादसे में एक भारतीय नागरिक भी घायल हुआ है। इस मामले में भारत सरकार और दुबई स्थित भारतीय दूतावास लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और जरूरत पड़ने पर हर संभव मदद देने की तैयारी कर रहे हैं।
UAE में भारतीयों के लिए एडवाइजरी जारी
खाड़ी देशों में बढ़ते तनाव को देखते हुए भारत सरकार ने UAE में रहने वाले भारतीय नागरिकों के लिए एडवाइजरी जारी की है। सरकार ने लोगों से अलर्ट रहने और स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
यदि किसी भारतीय नागरिक को किसी तरह की परेशानी होती है तो वह दुबई में भारतीय दूतावास (+971-4-3971222) या अबू धाबी में भारतीय दूतावास (+971-2-4492700) से संपर्क कर सकता है।











