बादलों ने दिखाई बेरुखी:कई दिन से मेहरबानी नहीं कर रहे बादल

बारिश थमने से बढ़ा तापमान, गुरुवार तक मौसम शुष्क रहने की संभावना; इस सीजन अब तक औसत वर्षा पिछले साल से दोगुने से अधिक
कई दिन से मेहरबानी नहीं कर रहे बादल
फाइल फ़ोटो

इंदौर। शहर में पिछले पांच दिनों से बारिश का सिलसिला पूरी तरह थम गया है। रोजाना आसमान में बादलों की आवाजाही तो हो रही है, लेकिन बारिश नहीं होने से उमस और गर्मी का असर बढ़ गया है। शहर के साथ-साथ आसपास के ग्रामीण इलाकों में भी बारिश नहीं हुई है। मौसम विभाग का अनुमान है कि गुरुवार तक मौसम इसी तरह बना रहेगा, जबकि शुक्रवार से एक बार फिर बारिश का दौर शुरू होने की संभावना है।

विमानतल स्थित मौसम केंद्र के अनुसार पिछले 24 घंटे में जिले में कहीं भी वर्षा दर्ज नहीं की गई। बारिश नहीं होने से दिन और रात दोनों के तापमान में बढ़ोतरी हुई है। सोमवार को अधिकतम तापमान 32.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2 डिग्री अधिक और एक दिन पहले की तुलना में 1.6 डिग्री ज्यादा रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 1 डिग्री और पिछले दिन की तुलना में 0.2 डिग्री अधिक रहा।

इस सीजन अब तक हुई वर्षा (1 जून से अब तक, इंच में)

क्षेत्र 2026 2025
गौतमपुरा 22.7 3.4
देपालपुर 15.4 7.8
इंदौर 13.0 6.1
सांवेर 12.8 5.9
हातोद 9.9 5.4
महू 9.7 8.4
जिले का औसत 13.9 6.2

इस दौरान दक्षिण-पश्चिम दिशा से हवाएं चलीं और उनकी अधिकतम गति 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक दर्ज की गई। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक फिलहाल पश्चिमी मध्यप्रदेश में मानसूनी तंत्र कमजोर पड़ गया है। इसी कारण बारिश की गतिविधियां कम हो गई हैं। हालांकि शुक्रवार से मानसून के फिर सक्रिय होने की संभावना है, जिससे इंदौर और आसपास के क्षेत्रों में अच्छी बारिश हो सकती है।

Hemant Nagle
By Hemant Nagle

हेमंत नागले | पिछले बीस वर्षों से अधिक समय से सक्रिय पत्रकारिता में हैं। वर्ष 2004 में मास्टर ऑफ जर्...Read More

Latest Posts