भोपालमध्य प्रदेश

MP के मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैंस का कार्यकाल बढ़ाया, 31 मई 2023 तक बने रहेंगे सीएस

मध्यप्रदेश के मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैंस का बुधवार को कार्यकाल बढ़ा दिया गया है। इकबाल सिंह बैंस बने रहेंगे। केंद्र सरकार ने रिटायरमेंट (30 नवंबर) के दिन इकबाल सिंह बैंस को 6 महीने का एक्सटेंशन दे दिया है। अब इकबाल सिंह 31 मई 2023 तक सीएस बने रहेंगे।

पहले ही मिल गए थे संकेत

एमपी कैडर के इकबाल सिंह बैंस 85 बैच के आईएएस अफसर हैं। यह माना जा रहा था कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के करीबी बैंस के कार्यकाल की अवधि को आगे बढ़ाया जा सकता है। मुख्यमंत्री चौहान के बीते दिनों दिल्ली दौरे के बाद यह साफ संकेत मिल गए थे कि बैंस का कार्यकाल 6 महीने बढ़ाया जाएगा।

फोटो मार्च 2020 का, जब बैंस पहली बार मुख्य सचिव बने थे।

अनुराग जैन, मो. सुलेमान की थी चर्चा

मध्य प्रदेश के मुख्य सचिव की दौड़ में इकबाल सिंह बैंस के अलावा केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर सेवाएं दे रहे अनुराग जैन और ACS हेल्थ एंड मेडिकल एजुकेशन मो. सुलेमान शामिल थे। बता दें कि दो दिन पहले मुख्यमंत्री खुद दिल्ली गए थे और CS के नाम को लेकर केंद्रीय नेतृत्व से चर्चा की थी।

पीपुल्स समाचार ने 22 नवंबर को ही बता दिया था कि इकबाल सिंह बैंस को एक्सटेंशन मिलेगा।

बैंस 1985 बैच के IAS हैं

मध्यप्रदेश के मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैंस 1985 बैच के IAS अफसर हैं। पहली बार मुख्य सचिव बनाए जाने से पहले इकबाल सिंह बैंस राजस्व मंडल ग्वालियर के अध्यक्ष थे। जब वह जुलाई 2013 में केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर संयुक्त सचिव बनकर चले गए थे, तो उन्हें BJP सरकार बनने के बाद अगस्त 2014 में सीएम शिवराज ने केंद्र सरकार से विशेष आग्रह करके वापस बुलाया था।

कई अहम पदों पर रहे हैं बैंस

मध्यप्रदेश का मुख्य सचिव बनने से पहले इकबाल सिंह बैंस कई अहम पदों पर रहे हैं। कृषि, उद्यानिकी, ऊर्जा, विमानन, आबकारी आयुक्त , पंचायत एवं ग्रामीण विकास, संसदीय कार्य जैसे विभागों में काम कर चुके हैं। सीहोर, खंडवा, गुना और भोपाल के कलेक्टर भी रहे हैं। बता दें कि वह मुख्यमंत्री कार्यालय में सचिव, प्रमुख सचिव और अपर मुख्य सचिव रह चुके हैं।

ये भी पढ़ें- इकबाल अभी बने रह सकते हैं मध्यप्रदेश के मुख्य सचिव, छह माह का एक्सटेंशन देने की तैयारी

संबंधित खबरें...

Back to top button