इंदौरताजा खबरमध्य प्रदेश

Indore News: इंस्टाग्राम पोस्ट पर कमेंट करना पड़ा भारी, युवक के महाराष्ट्र से लौटते ही की हत्या; दो आरोपी गिरफ्तार

हेमंत नागले, इंदौर। इंदौर के खजराना थाना क्षेत्र में एक युवक को कुछ लड़कों के इंस्टाग्राम पोस्ट पर कमेंट करना भारी पड़ गया। युवक द्वारा किए गए कमेंट से नाराज लड़कों ने उसे मौत के घाट उतार दिया। बताया जा रहा है कि, आरोपियों ने उसपर चाकू से हमला कर दिया था। जिसके बाद अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

क्या है पूरा मामला

थाना प्रभारी दिनेश वर्मा के अनुसार, घटना 1 मार्च को खजराना थाना क्षेत्र के शाही बाग कॉलोनी की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, मृतक साहिल ने इंस्टाग्राम पर उसी इलाके में रहने वाले कुछ लड़कों की पोस्ट पर मजाक उड़ाते हुए कमेंट किया था। जिससे गुस्साए उन लड़कों ने उस पर चाकू से हमला कर दिया। घायल युवक को एमवाय अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। आरोपियों की पहचान अरशद और शाहबुद्दीन व असलम के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है।

मृतक युवक साहिल।

आरोपियों ने कब किया हमला

बताया जा रहा है कि, 18 वर्षीय मृतक साहिल उर्फ गोलू अकबर अपने चाचा मोहम्मद इकबाल की गाड़ी की किस्त के रुपए जमा करने जा रहा था। उसी दौरान रास्ते में शहाबुद्दीन भाइयों अरशद और भूरू ने उसे रोका और चाकू से हमला कर दिया। जिसके बाद इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

घर जाकर दी थी हत्या की धमकी

मृतक के रिश्तेदार इमरान का कहना है कि, कुछ दिन पहले अरशद ने बाइक की बैटरी चुराई थी और इस बात पर कहासुनी हुई थी। जिसके बाद साहिल किसी सिलसिले में महाराष्ट्र चला गया। आरोपी कुछ दिन पहले मृतक साहिल के घर पहुंचे और उसके माता-पिता को धमकी देने लगे। उन्होंने चेतावनी दी कि, साहिल के दिखते ही उसे मार देंगे। जिसके बाद साहिल के इंदौर लौटते ही आरोपियों ने उसे मौत के घाट उतार दिया।

पुलिस द्वारा आरोपियों से पूरे घटनाक्रम को लेकर पूछताछ की जा रही है। वहीं विवाद क्या था पुलिस अब यह भी जानकारी जुटाने में लगी हुई है। दोनों ही आरोपियों को पुलिस ने अभिरक्षा में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी है।

मध्य प्रदेश की अन्य खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

संबंधित खबरें...

Back to top button