Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

अतिक्रमण पर निगम का बड़ा एक्शन! एमटीएच से शुरू हुई मुहिम, तीन प्रमुख मार्ग होंगे कब्जामुक्त

महापौर की बैठक के बाद निगम की कार्रवाई तेज, पुलिस बल के साथ एमटीएच, राजमोहल्ला और मृगनयनी क्षेत्र में चला अभियान
अतिक्रमण पर निगम का बड़ा एक्शन! एमटीएच से शुरू हुई मुहिम, तीन प्रमुख मार्ग होंगे कब्जामुक्त
कार्यवाई करते निगम की टीम

इंदौर। शहर में बढ़ते अतिक्रमण के खिलाफ नगर निगम ने गुरुवार सुबह से बड़ा अभियान शुरू कर दिया। दो दिन पहले महापौर ने अधिकारियों के साथ बैठक कर शहर के तीन प्रमुख मार्गों को अतिक्रमण मुक्त करने का फैसला लिया था। इसके बाद बुधवार को निगम की टीम ने लाउडस्पीकर के जरिए अलाउंस कर अतिक्रमण हटाने की चेतावनी दी थी। चेतावनी का समय पूरा होते ही आज निगम का अमला सड़क पर उतर गया। कार्रवाई की शुरुआत सेंट्रल कोतवाली थाना क्षेत्र के एमटीएच कम्पाउंड से हुई। निगम की टीम ने सड़क और फुटपाथ पर किए गए कब्जे हटाने के साथ बड़ी संख्या में ठेले और गुमटियां जब्त कर लीं। ऐसे कई ठेले भी निगम ने उठा लिए, जिन्हें रात में सड़क किनारे खड़ा कर दिया गया था।

 

साइबान-पतरे हटाए, गाड़ियां भी जब्त

अतिक्रमण हटाने के दौरान दुकानों के बाहर तक निकाले गए पतरे, साइबान और अन्य अस्थायी निर्माण भी हटाए गए। कई वाहन भी कार्रवाई की जद में आए, जिन्हें पुलिस ने जब्त किया। अभियान के दौरान निगम का अमला बड़ी संख्या में ठेले और गुमटियां जब्त कर अपने साथ ले गया। कार्रवाई के दौरान किसी तरह का विवाद न हो, इसके लिए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा। निगम और प्रशासन के अधिकारी भी लगातार मौके पर मौजूद रहे।

तीन मार्गों को बनाया गया है प्राथमिकता

नगर निगम ने शहर के तीन प्रमुख मार्गों को प्राथमिकता के आधार पर अतिक्रमण मुक्त करने का निर्णय लिया है। पहला मार्ग कृष्णपुरा से मृगनयनी और रीगल तक, दूसरा नसिया से एमटीएच होते हुए रिवर साइड रोड और कृष्णपुरा तक, जबकि तीसरा मार्ग राजमोहल्ला से जवाहर मार्ग होते हुए राजवाड़ा तक तय किया गया है। एमटीएच क्षेत्र से शुरू हुई कार्रवाई अब आगे के हिस्सों की ओर बढ़ रही है।

राजमोहल्ला और मृगनयनी से भी शुरू हुआ अभियान

सुबह करीब 11 बजे राजमोहल्ला पेट्रोल पंप क्षेत्र से भी अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी गई। वहीं दूसरी ओर मृगनयनी क्षेत्र में भी निगम का अमला पहुंच गया और कब्जे हटाने लगा। यानी शहर के तीनों प्रमुख कॉरिडोर में अब एक साथ अतिक्रमण हटाने की मुहिम तेज कर दी गई है।

Hemant Nagle
By Hemant Nagle

हेमंत नागले | पिछले बीस वर्षों से अधिक समय से सक्रिय पत्रकारिता में हैं। वर्ष 2004 में मास्टर ऑफ जर्...Read More

Latest Posts