बेटी की पढ़ाई के लिए टीवी बंद करने को कहा:तो पति ने पत्नी पर चाकू से जानलेवा हमला किया

इंदौर के परदेशीपुरा थाना क्षेत्र स्थित ‘कुलकर्णी का भट्टा’ इलाके में घरेलू विवाद ने खौफनाक मोड़ ले लिया। यहां एक सनकी पिता ने मामूली बात पर अपनी ही पत्नी पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई।
तेज आवाज में टीवी देख रहा था
जानकारी के अनुसार, फरियादी रेखा निमजे की बेटी मीनाक्षी के परीक्षा चल रहे हैं और वह घर में पढ़ाई कर रही थी। इसी दौरान उसका पिता शिवप्रसाद निमजे तेज आवाज में टीवी देख रहा था, जिससे पढ़ाई में बाधा आ रही थी। बेटी ने जब पिता से टीवी बंद करने को कहा, तो वह गुस्से में बेकाबू हो गया और हंगामा करने लगा। बढ़ते विवाद को देख पत्नी रेखा निमजे बीच-बचाव के लिए पहुंचीं और पति को समझाने लगीं कि बच्ची के पेपर चल रहे हैं, टीवी बंद कर दें। लेकिन इतनी सी बात पर शिवप्रसाद आपा खो बैठा और गाली-गलौज करने लगा।
सब्जी काटने वाला चाकू उठाया
बताया जा रहा है कि जब पत्नी ने उसे गाली देने से रोका, तो उसने पास रखा सब्जी काटने वाला चाकू उठाया और सीधे पत्नी के पेट में घोंप दिया। हमले के बाद रेखा लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ी। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। शोर सुनकर आसपास के लोग और परिजन मौके पर पहुंचे और घायल महिला को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। परदेशीपुरा पुलिस ने आरोपी पति शिवप्रसाद के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।




















