ई-व्हीकल शोरूम में भीषण आग:धुएं से घिरे अपार्टमेंट में फंसे परिवार , रस्सियों और सीढ़ियों से हुआ रेस्क्यू, टला बड़ा हादसा

लसूड़िया क्षेत्र में इलेक्ट्रिक वाहन शोरूम में लगी आग से ऊपरी मंजिलों पर रहने वाले 20 लोग फंस गए। पड़ोसियों, पुलिस और फायर ब्रिगेड की सूझबूझ से सभी को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
Follow on Google News
धुएं से घिरे अपार्टमेंट में फंसे परिवार , रस्सियों और सीढ़ियों से हुआ रेस्क्यू, टला बड़ा हादसा

इंदौर के लसूड़िया थाना क्षेत्र स्थित खालसा चौक के पास शुक्रवार सुबह एक इलेक्ट्रिक वाहन शोरूम में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग इतनी तेजी से फैली कि शोरूम के ऊपर बने फ्लैटों में रहने वाले छह परिवारों के करीब 20 लोग अंदर ही फंस गए। समय रहते पुलिस, फायर ब्रिगेड और स्थानीय रहवासियों की मदद से सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

 

सुबह धुएं से खुली लोगों की नींद

घटना सुबह करीब 7 बजे की बताई जा रही है। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। आग ग्राउंड फ्लोर पर स्थित इलेक्ट्रिक वाहन शोरूम में लगी थी, जबकि ऊपर की मंजिलों पर परिवार रह रहे थे। शोरूम से उठते धुएं और लपटों के कारण फ्लैटों में सांस लेना मुश्किल हो गया। धुएं से परेशान लोगों की नींद खुली तो उन्होंने नीचे देखा कि पूरा शोरूम आग की चपेट में है। सीढ़ियों के पास आग फैलने से नीचे उतरने का रास्ता भी बंद हो गया था।

 

पड़ोसियों ने दिखाई मानवता

फ्लैटों में फंसे लोगों की चीख-पुकार सुनकर पास की मल्टीस्टोरी बिल्डिंग में रहने वाले लोग मदद के लिए आगे आए। उन्होंने तुरंत सीढ़ियों और रस्सियों का इंतजाम किया और फंसे लोगों को छत पर आने के लिए कहा। इसके बाद दोनों इमारतों की छतों के बीच सीढ़ियां लगाकर अस्थायी रास्ता बनाया गया। कुछ लोग इस रास्ते से दूसरी इमारत की छत पर पहुंचे, जबकि कुछ को रस्सियों के सहारे सुरक्षित नीचे उतारा गया।

 

सभी वाहन जलकर खाक

आग ने शोरूम में रखे सभी इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया। देखते ही देखते पूरा शोरूम धू-धू कर जलने लगा। हालांकि राहत की बात यह रही कि आग फ्लैटों तक नहीं पहुंची, जिससे लोगों का घरेलू सामान सुरक्षित बच गया।

 

दो टैंकर पानी से बुझाई आग

सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और दो टैंकर पानी की मदद से आग पर काबू पाया। फायर ब्रिगेड अधिकारी शोभाराम मालवीय ने बताया कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है। आग लगने के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।

Hemant Nagle
By Hemant Nagle

हेमंत नागले | पिछले बीस वर्षों से अधिक समय से सक्रिय पत्रकारिता में हैं। वर्ष 2004 में मास्टर ऑफ जर्...Read More

नई दिल्ली
--°
बारिश: -- mmह्यूमिडिटी: --%हवा: --
Source:AccuWeather
icon

Latest Posts