नई दिल्ली। कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा के दौरान राहुल गांधी की सुरक्षा में चूक मामले को लेकर अब CRPF का जवाब सामने आया है। सेंट्रल रिजर्व पुलिस फोर्स (CRPF) ने गृह मंत्रालय को भेजे अपने जवाब में कहा है कि, राहुल गांधी ने 2020 से अब तक खुद 113 बार सुरक्षा नियमों का उल्लंघन किया है। एक दिन पहले कांग्रेस नेता केसी वेणुगोपाल ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को चिट्ठी लिख सुरक्षा चूक मामले की शिकायत की थी।
CRPF ने दिया जवाब
CRPF ने कांग्रेस के आरोपों पर गृह मंत्रालय को बताया कि, गाइडलाइन के मुताबिक ही राहुल गांधी की सुरक्षा का इंतजाम किया गया था। CRPF के मुताबिक, संरक्षित व्यक्ति के लिए की गई सुरक्षा व्यवस्था तब ठीक काम करती है, जब संरक्षित व्यक्ति स्वयं निर्धारित सुरक्षा गाइडलाइन का पालन करता है।
भारत जोड़ो यात्रा के दिल्ली चरण में भी सुरक्षा नियमों को तोड़ा गया है। इस बारे में राहुल को समय समय पर जानकारी दी गई है। सीआरपीएफ के मुताबिक, दौरों पर व्यक्ति की सुरक्षा का जिम्मा राज्य पुलिस के समन्वय से CRPF का होता है।
कांग्रेस ने क्या कहा था
कांग्रेस महासचिव ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर कहा था कि, 24 दिसंबर को दिल्ली पहुंचने के बाद कई बार राहुल गांधी की सुरक्षा में सेंध लगी। दिल्ली पुलिस भीड़ को काबू करने और उनके चारों ओर के सुरक्षा के घेरे को मेंटेन करने में विफल रही। राहुल गांधी को Z प्लस सिक्योरिटी मिली है।
‘सुरक्षा पर न हो राजनीति’
केसी वेणुगोपाल ने पत्र में कहा कि, आर्टिकल 19 के मुताबिक प्रत्येक नागरिक को प्रदर्शन या यात्रा या अपने विचारों को व्यक्त करने का संवैधानिक अधिकार है। सरकार को बदले की राजनीति में शामिल नहीं होना चाहिए और कांग्रेस नेताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करनी चाहिए। राजीव गांधी और इंदिरा गांधी की हत्या का हवाला देते हुए उन्होंने पत्र में कहा कि, कांग्रेस पार्टी ने अपने दो नेता खोए हैं। ऐसे में राहुल गांधी की सुरक्षा से खिलवाड़ न किया जाए।
बता दें कि, भारत जोड़ो यात्रा 3 जनवरी, 2022 से शुरू होने वाले अगले चरण में संवेदनशील राज्य पंजाब और जम्मू-कश्मीर में प्रवेश करने के लिए तैयार है।
ये भी पढ़ें- दिल्ली में भारत जोड़ो यात्रा: राहुल गांधी की सुरक्षा में चूक, कांग्रेस ने गृह मंत्री अमित शाह को लिखी चिट्ठी
हाथ से हाथ जोड़ो अभियान
कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने कहा कि, 26 जनवरी से 26 मार्च तक हाथ से हाथ जोड़ो अभियान चलाया जाएगा। जो भारत जोड़ो का संदेशा हर बूथ और ब्लॉक में पहुंचाएगा। इसमें गांव-गांव में घर-घर संपर्क किया जाएगा। भारत जोड़ो यात्रा चुनावी यात्रा नहीं विचारधारा आधारित यात्रा है। पदयात्रा में इस भारत जोड़ो यात्रा के उद्देश्य के बारे में जानकारी देने के साथ केंद्र व राज्य सरकार की असफलताएं बताई जाएगी।