देवास से इंदौर आए थे नशे का सौदा करने:खजराना में ग्राहकों की तलाश कर रहे थे ड्रग तस्कर, चढ़े पुलिस के हत्थे

इंदौर क्राइम ब्रांच ने नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो ड्रग तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 30.02 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद की गई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 3 लाख रुपये बताई जा रही है। जब्त मोबाइल फोन सहित कुल मशरूका की कीमत लगभग 4 लाख रुपये आंकी गई है।
क्राइम ब्रांच को मुखबिर से सूचना मिली थी कि स्कीम नंबर-134 खजराना स्थित फरीदा बाग कब्रिस्तान के पास पानी की टंकी के नजदीक दो युवक संदिग्ध अवस्था में अवैध मादक पदार्थ के साथ खड़े हैं और ग्राहकों की तलाश कर रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही दोनों युवक घबरा गए, लेकिन टीम ने उन्हें पकड़ लिया। पूछताछ में उनकी पहचान सरफराज उर्फ शब्बु और अमन उर्फ सलमान, निवासी देवास के रूप में हुई।
तलाशी में मिली MD ड्रग्स
पुलिस द्वारा तलाशी लेने पर सरफराज के कब्जे से 15.10 ग्राम और अमन के पास से 14.92 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद हुई। इसके अलावा दोनों आरोपियों के पास से दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। क्राइम ब्रांच ने मौके पर ही ड्रग्स जब्त कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
सप्लाई चेन खंगाल रही पुलिस
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि दोनों आरोपी देवास से इंदौर आए थे और यहां नशे के ग्राहकों की तलाश में घूम रहे थे। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि एमडी ड्रग्स उन्हें कहां से मिली और वे किस नेटवर्क के लिए काम कर रहे थे।












