ताजा खबरभोपालमध्य प्रदेश

MP में 77वां स्वतंत्रता दिवस समारोह : लाल परेड मैदान में CM शिवराज ने फहराया तिरंगा, तारा सिंह के गेटअप में महू पहुंचे सनी देओल

भोपाल। भोपाल के लाल परेड मैदान में 77वें स्वतंत्रता दिवस पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ध्वजारोहण किया। उन्होंने ओपन जीप में परेड की सलामी ली। इस बार लाडली बहनें भी परेड में शामिल हुईं। स्वतंत्रता दिवस परेड में आईपीएस बेटी सोनाक्षी सक्सेना से पिता पुलिस महानिदेशक सुधीर सक्सेना ने सलामी ली। एसीपी इंदौर सोनाक्षी परेड कमांडर रहीं। वहीं फिल्म गदर 2 के प्रमोशन के लिए महू पहुंचे सनी देओल ने इन्फेंट्री म्यूजियम में आयोजित झंडा वंदन कार्यक्रम में हिस्सा लिया।

https://twitter.com/psamachar1/status/1691302928949096448?t=slSNoZg3vJSLZC6R0282wQ&s=08

भारत ने दुनिया को एकता का संदेश दिया : CM शिवराज

सीएम शिवराज सिंह चौहान ने अपने संबोधन में कहा कि, आज देश उत्सव और आनंद में डूबा हुआ है। यह आजादी का अमृत काल है। भारत ने दुनिया को हजारों साल पहले एकता का संदेश दिया। हमारे ऋषि कहते थे- एकम सत्यम विप्रा बहुधा वदंति, यानी- सत्य एक है: जिसे बुद्धिमान विभिन्न नामों से बुलाते हैं। भारत का इतिहास 75 साल पुराना नहीं है। हजारों साल पुराना तो ज्ञात इतिहास है हमारा। जब दुनिया के विकसित देशों में सभ्यता का सूर्य उदय नहीं हुआ था, तब हमारे यहां वेद रच दिए गए थे।

दुनिया को आदर्श देने वाला हमारा देश आपसी मतभेदों के कारण बीच में गुलामी का शिकार हुआ। पहले मुगल, फिर अंग्रेजों के आक्रमण हुए। तब भी भारत ने अपनी संस्कृति, दर्शन, परंपरा को नहीं छोड़ा। भारत की आत्मा मरी नहीं। हमारे महापुरुष संघर्ष करते रहे।

परेड में शामिल हुईं 18 टुकड़ियां

परेड में पुलिस बैंड समेत 18 टुकड़ियां शामिल हुईं। परेड में प्रदेश पुलिस बल, विशेष सशस्‍त्र बल (उत्‍तरी जोन), महिलाओं का विशेष सशस्‍त्र बल, जिला बल एवं रेल की संयुक्‍त टुकड़ी, हॉकफोर्स, एसटीएफ, जिला पुलिस बल, जेल विभाग, शासकीय रेल पुलिस, नगर सेना (होमगार्ड), एनसीसी (सीनियर विंग गर्ल्‍स), एनसीसी (सीनियर डिवीजन), गाइड गर्ल्‍स, स्‍काउट्स बॉयज, शौर्य दल, लाड़ली बहना और अश्‍वरोही दल की टुकड़ियां शामिल हुईं।

दस सामाजिक क्रांतियों से ‘मध्य प्रदेश मॉडल’ बना उदाहरण

ध्वजारोहण के बाद अपने संबोधन में सीएम शिवराज ने कहा कि अब प्रदेश में सभी नागरिकों को पक्का मकान मिलेगा और कोई परिवार बिना छत के नहीं रहेगा। उन्होंने कहा कि आवास प्लस में जो लोग शामिल नहीं हैं उनके लिए मुख्यमंत्री जन आवास योजना बनाई जाएगी। इसके साथ ही प्रदेश के इनकम टैक्स न देने वाले परिवारों को आयुष्मान योजना में शामिल किया जाएगा। इस दौरान चौहान ने 10 सामाजिक क्रांतियों का उल्लेख करते हुए कहा कि भूमि और आवास, महिला सशक्तिकरण, किसान कल्याण, कमजोर वर्ग कल्याण, कौशल और रोजगार, गरीब कल्याण, शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र में सभी को सुविधाएं, सांस्कृतिक अभ्युदय और सुशासन के माध्यम से विकास का “मध्यप्रदेश मॉडल” देश में एक उदाहरण बना है।

अब हर 50 परिवारो पर होगा एक जनसेवा मित्रा

सीएम ने कहा कि मुख्यमंत्री जन सेवा मित्र जनता और सरकार के बीच काम करते हैं। अब हर 50 परिवारों पर एक जनसेवा मित्र को एपाइंट करेंगे। इससे प्रदेश में करीब 3 लाख युवाओं को काम मिलेगा। सीएम शिवराज ने कहा कि डबल इंजन सरकार प्रदेश को सही अर्थों में रिफॉर्म, परफॉर्म और ट्रांसफॉर्म करने का कार्य कर रही है। इस दौरान मुख्यमंत्री ने दावा किया कि आने वाले समय में 5-G सेवा पूरे प्रदेश में उपलब्ध करा दी जाएंगी। इसके साथ कई अहम बिंदुओं पर भी उन्होंने संबोधन के दौरान अपनी बात रखी

  • एक करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से ऊपर लाएंगे, दोगुनी करेंगे प्रति व्यक्ति आय
  • आर्थिक विकास दर, खाद्यान्न उत्पादन, सड़क, ऊर्जा क्षेत्र और स्वास्थ्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय बदलाव
  • आर्थिक विकास दर 0.10 प्रतिशत से बढञकर 16 प्रतिशत से अधिक हुई
  • खाद्यान्न उत्पादन 159 लाख मीट्रिक टन से बढ़कर 619 लाख मीट्रिक टन हुआ
  • किसानों को शून्य प्रतिशत ब्याज पर लोन
  • औद्योगिक विकास दर ऋणात्मक से 24 प्रतिशत तक बढ़ गई
  • प्रति व्यक्ति वार्षिक आय सालाना 12 हजार से एक लाख 40 हजार रूपए हुई
  • बजट का आकार लगभग 23 हजार करोड़ से 3 लाख 14 हजार करोड़ हुआ
  • सड़कों की लंबाई 60 हजार किलोमीटर से 5 लाख किलोमीटर हुई
  • ऊर्जा की क्षमता 5 हजार मेगावॉट से बढ़कर 29 हजार मेगावॉट हो गई
  • सिंचाई क्षमता 7 लाख 68 हजार हेक्टेयर से 47 लाख हेक्टेयर हो गई
  • मुख्यमंत्री कृषक ऋण ब्याज माफी योजना में 11 लाख से अधिक किसानों का 2123 करोड़ रूपए ब्याज सरकार ने भरा
  • किसान कल्याण योजना में अब 4 के स्थान पर 6 हजार रूपए की राशि किसान को मिलती है
  • प्रदेश में 80 हजार से अधिक मछुआ क्रेडिट कार्ड जारी
  • मध्यप्रदेश में दुनिया की सबसे बड़ी इंटर्नशिप योजना “सीखो कमाओ योजना” लांच
  • 12वीं , आईटीआई और स्नातक परीक्षा उत्तीर्ण युवाओं को कम्पनियों में प्रशिक्षण सुविधा के साथ 8 और 10 हजार रूपए की राशि मिल रही है
  • भू-माफिया द्वारा अतिक्रमण की गई भूमि को छुड़वाकर सुराज कॉलोनियां बनाई जा रही हैं।
  • तीर्थ दर्शन योजना में हवाई जहाज से तीर्थ स्थानों तक दर्शन के लिए भेजने की व्यवस्था की गई
  • टॉपर विद्यार्थियों को स्कूटी और स्कूटर देने की पहल की गई है।
  • मध्यप्रदेश देश का फेवरेट इन्वेस्टमेंट डेस्टिनेशन्स

वर्ष 2030 तक लक्ष्य प्राप्ति के संकल्प के प्रमुख बिन्दु

  • मध्यप्रदेश की अर्थ-व्यवस्था का आकार हम 45 लाख करोड़ रुपए की ऊँचाई तक पहुँचाएंगे।
  • मध्यप्रदेश के 1 करोड़ से अधिक लोगों को ग़रीबी की रेखा से ऊपर लेकर आएंगे।
  • प्रदेश की प्रति व्यक्ति आय को हम दोगुना कर देंगे। इसे वर्तमान 1 लाख 40 हजार के स्थान पर 2 लाख 80 हजार तक ले जाया जाएगा।
  • राज्य के कुल कृषि उत्पादन को बढ़ाकर 10 करोड़ मीट्रिक टन के स्तर तक ले जाएंगे।
  • हर किसान के खेत के अंतिम छोर तक भरपूर सिंचाई सुविधा मिलेगी। सिंचाई क्षमता को 65 लाख हेक्टेयर तक पहुंचा दिया जाएगा।
  • घर हो या फिर उद्योग या खेती, सब बिजली से रोशन रहेंगे। प्रदेश की ऊर्जा क्षमता वर्तमान के 29 हजार मेगावॉट से बढ़कर 38 हजार मेगावॉट से भी अधिक की जाएगी।
  • प्रदेश में 1 लाख किलोमीटर लंबाई की नई सड़कों का जाल बिछा दिया जाएगा।
  • सभी जिला मुख्यालयों को 4 लेन सड़कों से जोड़ा जाएगा। सभी नगरीय निकायों को 2 लेन सड़कों से जोड़ दिया जाएगा।
  •  प्रदेश के सभी शासकीय मेडिकल कॉलेजों में नर्सिंग कॉलेज स्थापित किए जाएंगे।
  • हर विकासखंड मुख्यालय पर कम से कम 30 बिस्तरीय सर्वसुविधायुक्त अस्पताल की सुविधा मिलेगी।
  • मातृ मृत्यु दर को घटाकर 100 प्रति लाख तक और शिशु मृत्यु दर को घटाकर 35 प्रति हजार तक लाया जाएगा।
  • मध्यप्रदेश की धरती से कुपोषण के कलंक को पूरी तरह मिटा दिया जाएगा।
  • राज्य सरकार 6 हजार से अधिक सर्वसुविधायुक्त सी.एम. राईज स्कूलों का संचालन प्रारंभ कर देगी।
  • सरकारी स्कूलों के शिक्षकों के लगभग 25 हजार रिक्त पद भर दिए जाएंगे।
  • मध्य प्रदेश के 45 हजार आँगनवाड़ी केंद्रों को प्री- प्रायमरी स्कूल के रूप में विकसित किया जाएगा।
  • प्रत्येक विकासखण्ड में कम से कम एक सरकारी कॉलेज होगा, ताकि विद्यार्थियों को अपने घर के नजदीक ही उच्च शिक्षा की सुविधा मिल सकें।
  • महिला स्व-सहायता समूहों के सदस्यों की संख्या वर्तमान 53 लाख से बढ़ाकर 65 लाख और महिला स्व-सहायता समूहों की संख्या को वर्तमान 04 लाख 20 हजार से बढ़ाकर 5 लाख 10 हजार किया जाएगा।
  • मध्य प्रदेश में 200 करोड़ रुपए के निवेश से 1 हजार से अधिक एफ.पी.ओ. गठित किए जाएंगे।
  • प्रदेश में महिलाओं की न्यूनतम आय 10 हजार रुपए प्रतिमाह तक पहुँचाने के लिए ठोस रणनीति बनाकर काम किया जाएगा।
  • मेक इन मध्यप्रदेश को प्रोत्साहित करते हुए हमारे निर्यात को रूपये 1 लाख करोड़ तक ले जाएंगे।
  • भोपाल एवं इन्दौर के मध्य एक नया ग्रीन फील्डएयरपोर्ट एवं इण्डस्ट्रियल कॉरीडोर बनाया जाएगा।

ग्वालियर में ऊर्जा मंत्री किया ध्वजारोहण

ग्वालियर के एसएएफ मैदान पर प्रदेश के ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने 77वें स्वतंत्रता दिवस समारोह में ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। इसके बाद उन्होंने मुख्यमंत्री का संदेश पढ़ा। इस बार की परेड में लाड़ली बहना सेना शामिल हुईं।

रीवा कलेक्ट्रेट कार्यालय में ध्वजारोहण

कलेक्ट्रेट कार्यालय रीवा में ध्वजारोहण कर राष्ट्रगान का गायन किया गया। इस अवसर पर कलेक्ट्रेट के समस्त अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। इस दौरान कलेक्टर प्रतिभा पाल ने कहा कि, देश की आजादी के लिये कुर्बानी देने वाले शहीदों को याद करने का आज दिन है, सभी शासकीय अधिकारी व कर्मचारी संवेदनशील होकर अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करें तथा शासन की योजनाओं व कार्यक्रमों को हर जरूरतमंद तक पहुंचाएं।

सिवनी में हुआ ध्वजारोहण

सिवनी मुख्यालय में जिला कलेक्टर क्षितिज सिंघल ने ध्वजारोहण किया। अलग-अलग स्थानों में सिवनी जिले की चारों विधानसभा में विधायकों ने भी झंडा फहराया।

कृषि मंत्री ने हरदा जिला मुख्यालय पर फहराया तिरंगा

स्वतंत्रता दिवस पर कृषि मंत्री कमल पटेल ने हरदा जिला मुख्यालय पर ध्वजारोहण किया। अमन शांति के प्रतीक के रूप में आसमान में गुब्बारे भी छोड़े।

जबलपुर में स्वतंत्रता दिवस

जबलपुर में स्वतंत्रता दिवस मनाया गया। इस दौरान नगर निगम में महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू, निगम अध्यक्ष रिंकू विज, नेता प्रतिपक्ष कमलेश अग्रवाल और निगमायुक्त स्वप्निल वानखेडे के द्वारा ध्वजारोहण किया गया।

इंदौर में मंत्री सिलावट ने फहराया तिरंगा

मध्य प्रदेश के जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने RAPTC ग्राउंड पर तिरंगा फहराया और परेड की सलामी ली।

महू पहुंचे सनी देओल

फिल्म गदर 2 के प्रमोशन के लिए एक्टर सनी देओल महू पहुंचे। यहां उन्होंने इन्फेंट्री म्यूजियम में आयोजित झंडा वंदन कार्यक्रम में हिस्सा लिया। वे केसरिया पगड़ी और सफेद कुर्ता-पजामा पहने नजर आए।

भोपाल : भाजपा कार्यालय में फहराया तिरंगा

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने प्रदेश भाजपा कार्यालय में तिरंगा फहराया।

भोपाल : महापौर फहराया तिरंगा

राजधानी की प्रथम नागरिक महापौर मालती राय ने ध्वजारोहण किया। नगर निगम के ISBT स्थित दफ्तर में उन्होंने तिरंगा फहराया।

https://twitter.com/psamachar1/status/1691289519587274752

संबंधित खबरें...

Back to top button