IND vs ZIM 3rd T20 : भारत ने तीसरा टी-20 मैच 23 रन से जीतकर सीरीज में बनाई 2-1 की बढ़त, सुंदर वाशिंगटन ने लिए 15 रन देकर 3 विकेट

हरारे। भारत ने जिम्बाब्वे को पांच टी-20 मैचों की सीरीज के तीसरे मुकाबले में हराकर सीरीज पर 2-1 की बढ़त बना ली है। टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 4 विकेट पर 182 रन बनाए थे। इसके जवाब में विरोधी टीम 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर केवल 159 रन ही बना सकी। भारतीय टीम के लिए वाशिंगटन सुंदर ने घातक गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में केवल 15 रन देकर सबसे ज्यादा 3 विकेट लिए। जिम्बाब्वे की तरफ से डियोन मायर्स ने किला लड़ाते हुए 49 गेंदों पर नाबाद 67 रन बनाए लेकिन अन्य बल्लेबाजों के फेल होने के कारण उनकी पारी टीम को जीत नहीं दिला सकी।
भारतीय बल्लेबाजों ने की विरोधी टीम की जमकर पिटाई
इससे पहले टीम इंडिया के कप्तान शुभमन गिल ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी चुनी। इस फैसले को सही साबित करते हुए शुभमन गिल ने यशस्वी जायसवाल के साथ मिलकर पहले विकेट के लिए 67 रनों की भागीदारी की। टीम के इस स्कोर पर यशस्वी जायसवाल 27 गेंदों पर 36 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद पिछले मैच के शतकवीर अभिषेक शर्मा क्रीज पर आए लेकिन वे केवल 10 रन बनाकर चलते बने। दूसरा विकेट गिरने के बाद गिल ने अपनी फिफ्टी पूरी की। गिल ने टीम के लिए 49 गेंदों पर सबसे ज्यादा 66 रन बनाए। इसके अलावा टीम के लिए ऋतुराज गायकवाड़ ने एक बार फिर तूफानी बल्लेबाजी करते हुए केवल 28 गेंदों पर 49 रन बनाए। वे केवल एक रन से अपना अर्धशतक चूक गए।











