Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

इमरान की बहन नौरीन का अल्टीमेटम :शहबाज-मुनीर को दी धमकी, बोलीं- भाई को नुकसान पहुंचा तो कोई नहीं बचेगा

इमरान खान की सेहत और सुरक्षा पर उठे सवालों के बीच उनकी बहन नौरीन नियाजी ने शहबाज सरकार और सेना प्रमुख असीम मुनीर को कड़ी चेतावनी दी है। नौरीन का कहना है कि अगर इमरान को नुकसान पहुंचाने की कोशिश हुई तो पाकिस्तान में बड़ा भूचाल आ सकता है। परिवार का आरोप है कि इमरान को हफ्तों से आइसोलेशन में रखा गया है।
शहबाज-मुनीर को दी धमकी, बोलीं- भाई को नुकसान पहुंचा तो कोई नहीं बचेगा
इमरान खान और बहन नौरीन (फाइल फोटो)
AI जनरेटेड सारांश
    यह सारांश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा तैयार किया गया है और हमारी टीम द्वारा रिव्यू की गई है।

    इस्लामाबाद। पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान को लेकर पिछले एक सप्ताह से पाकिस्तान ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी चिंता और चर्चाएं तेज हो गई हैं। सोशल मीडिया पर उनकी हत्या की अफवाह ने हालात को और भी तनावपूर्ण बना दिया। अफवाहों के बाद भले ही शहबाज शरीफ सरकार ने बयान जारी कर कहा कि, “इमरान खान पूरी तरह सुरक्षित हैं”, लेकिन संदेह और अटकलें कम होने की बजाय और बढ़ गई हैं। इन्हीं चर्चाओं के बीच इमरान खान की बहन नौरीन नियाजी ने सरकार और सेना प्रमुख जनरल असीम मुनीर को सीधी चेतावनी दी है।

    नौरीन बोलीं- भाई को नुकसान पहुंचाया तो बुरा होगा

    मीडिया से बात करते हुए नौरीन नियाजी ने कहा कि, उन्होंने करीब चार से पांच हफ्तों से इमरान खान को न देखा है, न ही उनसे बात हो पाई है। उन्होंने दावा किया कि, उनके भाई को जानबूझकर आइसोलेशन में रखा जा रहा है। नौरीन ने बेहद सख्त लहजे में कहा कि, अगर इमरान खान को किसी भी तरह का शारीरिक नुकसान पहुंचाने की कोशिश की गई, तो पाकिस्तान में भूचाल आ जाएगा। यह एक रेड लाइन है जिसे कोई पार नहीं कर सकता।  इमरान को नुकसान पहुंचाने की कोई सोचे भी ना, अगर किसी ने कोशिश भी की तो यकीन करें कि इनमें से कोई भी नहीं बचेगा।

    उन्होंने कहा कि, इमरान खान के समर्थकों की संख्या बहुत बड़ी है और कोई भी सरकार या संस्था इतनी मजबूत नहीं कि जनता के गुस्से का सामना कर सके।

    अफवाहें फैलाकर समर्थकों को डराने का आरोप

    नौरीन ने दावा किया कि, इमरान खान की मौत या गंभीर सेहत संबंधी अफवाहें जाने-अनजाने योजनाबद्ध तरीके से फैलाई जा रही हैं, ताकि पीटीआई कार्यकर्ताओं और समर्थकों का मनोबल कमजोर किया जा सके। उन्होंने कहा कि, इमरान खान को करीब एक महीने से तनहाई में रखा गया है, जबकि पाकिस्तान के जेल कानून के तहत किसी भी कैदी को चार दिन से ज्यादा आइसोलेशन में रखना गैरकानूनी है। उनके अनुसार, ये मानसिक और शारीरिक शोषण है। यह जेल मैनुअल के खिलाफ है और साफ तौर पर अत्याचार है।

    Twitter Post

    इमरान की बहन बोलें- असली ताकत अल्लाह की है

    इमरान खान की बहन ने सेना प्रमुख असीम मुनीर पर भी सीधे आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि, जनरल मुनीर ताकत के नशे में चूर हैं और उन्हें लगता है कि देश में सब कुछ उनके इशारे पर चलता है। नौरीन ने कहा कि, वो खुद को सबसे शक्तिशाली मानते हैं, लेकिन हमारे मजहब में अल्लाह से ज्यादा ताकतवर कोई नहीं है। उन्हें इमरान खान को नुकसान पहुंचाने के बारे में सोचना भी नहीं चाहिए।

    हाई कोर्ट के आदेश की हो रही अवहेलना

    रिपोर्ट्स के मुताबिक, इमरान खान की दूसरी बहन अलीमा खान ने अदियाला जेल के अधिकारियों के खिलाफ कोर्ट की अवमानना की याचिका दायर की है। याचिका में कहा गया है कि, इस्लामाबाद हाई कोर्ट ने इमरान खान से हफ्ते में दो बार मुलाकात की अनुमति दी थी, लेकिन जेल प्रशासन लगातार इसे नजरअंदाज कर रहा है।

    परिवार का आरोप है कि, उन्हें मिलने नहीं दिया जाता, मुलाकात के दिनों में प्रशासन कोई ठोस कारण नहीं बताता, समर्थकों और परिवार को डराया-धमकाया जाता है। जेल प्रशासन का कहना है कि, इमरान खान की तबीयत ठीक है और वे जेल में ही हैं, लेकिन परिवार उनके जवाबों को झूठा और अपारदर्शी बता रहा है।

    क्यों उठ रही हैं इतनी अफवाहें?

    पिछले कुछ सप्ताह से इमरान खान को लगातार आइसोलेशन में रखने, मुलाकातें रोकने, मीडिया से पूरी तरह कट कर देने जैसे फैसलों ने लोगों के मन में यह आशंका पैदा कर दी है कि शायद कुछ गंभीर छिपाया जा रहा है। सोशल मीडिया पर इमरान खान कहां हैं? हैशटैग ट्रेंड कर रहा है।

    अगस्त 2023 से जेल में बंद हैं इमरान खान

    इमरान खान को अगस्त 2023 में अल-कादिर ट्रस्ट भ्रष्टाचार मामले में गिरफ्तार किया गया था। उन पर सरकारी धन के दुरुपयोग, अरबों की जमीन अवैध तरीके से ट्रस्ट को दिलाने और अपनी पत्नी बुशरा बीबी के साथ भ्रष्टाचार करने के आरोप हैं। वे दो साल से ज्यादा समय से रावलपिंडी की अदियाला जेल में बंद हैं।

    Manisha Dhanwani
    By Manisha Dhanwani

    मनीषा धनवानी | जागरण लेकसिटी यूनिवर्सिटी से BJMC | 6 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव में सब-एडिटर, एंकर, ...Read More

    Latest Posts