Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

अवैध मदिरा कारोबार पर आबकारी विभाग का शिकंजा, जिलेभर में 7 आपराधिक प्रकरण दर्ज

राजगढ़ जिले में आबकारी विभाग की सघन कार्रवाई, मदिरा दुकानों के स्टॉक का भी किया गया भौतिक सत्यापन।
अवैध मदिरा कारोबार पर आबकारी विभाग का शिकंजा, जिलेभर में 7 आपराधिक प्रकरण दर्ज

खिलचीपुर। जिले में अवैध मदिरा के निर्माण और बिक्री के खिलाफ आबकारी विभाग ने सघन अभियान चलाकर कार्रवाई की। अभियान के दौरान जिले के अलग-अलग आबकारी वृत्तों में जांच की गई और अवैध मदिरा विक्रय से जुड़े 7 आपराधिक प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिए गए। कार्रवाई के बाद अवैध मदिरा के कारोबार में शामिल लोगों में हड़कंप की स्थिति रही। यह कार्रवाई कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा के निर्देशन, पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी के सहयोग और जिला आबकारी अधिकारी रितेश कुमार लाल के मार्गदर्शन में की गई।

जिलेभर में चलाया गया सघन जांच अभियान

अभियान के तहत जिले के सभी आबकारी वृत्त प्रभारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में जांच और कार्रवाई की। इस दौरान अवैध मदिरा के निर्माण और विक्रय से जुड़े मामलों को लेकर कार्रवाई की गई और 7 आपराधिक प्रकरण दर्ज किए गए। कार्रवाई में राजगढ़ वृत्त प्रभारी सहायक जिला आबकारी अधिकारी शैलेन्द्र वर्मा, सारंगपुर एवं खिलचीपुर वृत्त प्रभारी अंकित चौहान, ब्यावरा एवं नरसिंहगढ़ वृत्त प्रभारी दीपक राजपूत, आबकारी उप निरीक्षक मोहन यादव, आबकारी मुख्य आरक्षक गौरीशंकर विजयवर्गीय सहित आबकारी आरक्षक संजय देशवाली, शिवम पचाया, गौतम लोधी और राशिका साहू ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वहीं नव नियुक्त परिवीक्षाधीन आरक्षक सिमरन, कीर्ति गौर और दिव्यांशी सिंह ने भी कार्रवाई में सक्रिय योगदान दिया।

मदिरा दुकानों के स्टॉक का भी सत्यापन

अवैध मदिरा के खिलाफ कार्रवाई के साथ ही आबकारी विभाग ने जिले में संचालित मदिरा दुकानों की भी जांच की। विभाग की टीमों ने दुकानों में परमिट के अनुसार मदिरा स्कंध का भौतिक सत्यापन किया। सत्यापन के दौरान जो कमियां सामने आईं, उन पर मौके पर ही नियमानुसार कार्रवाई की गई। संबंधित लोगों के खिलाफ आरोप-पत्र भी जारी किए गए।

Breaking News

अवैध कारोबार पर आगे भी जारी रहेगी सख्ती

जिला आबकारी अधिकारी रितेश कुमार लाल ने स्पष्ट किया कि जिले में अवैध मदिरा के निर्माण और विक्रय को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि अवैध मदिरा कारोबारियों के खिलाफ सघन जांच और कार्रवाई का अभियान लगातार जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Ramesh Dangi
By Ramesh Dangi

Latest Posts