ISIS में शामिल होने निकला IIT-गुवाहाटी का स्टूडेंट : पुलिस ने किया गिरफ्तार, कमरे से मिली आतंकी संगठन से जुड़ी चीजें

ISIS में शामिल होने निकला IIT-गुवाहाटी का स्टूडेंट : पुलिस ने किया गिरफ्तार, कमरे से मिली आतंकी संगठन से जुड़ी चीजें
गुवाहाटी। असम में हाल ही में आईएसआईएस के इंडिया चीफ हरीश फारूकी के पकड़े जाने के बाद पुलिस की टीमें और एजेंसियां एक्शन मोड में हैं। इस बीच, अब आईआईटी-गुवाहाटी के एक स्टूडेंट को असम के कामरूप जिले से हिरासत में लिया गया है। आरोप है कि इस स्टूडेंट ने आईएसआईएस में शामिल होने की कसम खाई थी और ISIS के प्रति निष्ठा जताई थी। पुलिस को उसके कमरे से आतंकी संगठन जैसा काला झंडा और इस्लामिक स्क्रिप्ट भी बरामद हुई है।

ISIS में शामिल होने की सोशल मीडिया पर जताई थी इच्छा

गुवाहाटी IIT के एक छात्र को शनिवार यानी 23 मार्च को असम के हाजो में पुलिस ने हिरासत में लिया। छात्र बायोटेक्नोलॉजी के चौथे वर्ष में है। छात्र ने सोशल मीडिया में दावा किया था कि उसकी इच्छा आतंकवादी संगठन ISIS में शामिल होने की है। इस पोस्ट के बाद छात्र IIT गुवाहाटी के अपने कैंपस से लापता हो गया था।

लिंक्डइन पर जारी किया था नोटिस

पुलिस के मुताबिक, दिल्ली के रहने वाले छात्र ने लिंक्डइन पर अपने फैसले का कारण बताते हुए एक नोटिस लिखा था, जिसके बाद उसके खिलाफ लुकआउट अलर्ट ऑपरेशन स्टार्ट किया गया। उसकी तलाश की जा रही थी। इसी दौरान वह गुवाहाटी से लगभग 30 किमी दूर कामरूप जिले के हाजो में पकड़ा गया। उसे पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है।

छात्र के कमरे से मिला ISIS के जैसा काला झंडा

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (STF) ने मामले के बारे में बात करते हुए बताया कि, एक ईमेल प्राप्त होने के बाद हमने उसकी जांच की थी। ईमेल छात्र ने ही भेजा था। इसमें छात्र ने दावा किया था कि वह ISIS में शामिल होने जा रहा है। हिरासत में लेने के बाद छात्र को उसके हॉस्टल ले जाया गया जहां उसके कमरे में ISIS के झंडे जैसा एक काला झंडा और एक इस्लामी स्क्रिप्ट मिली है।

ISIS का इंडिया चीफ हारिस फारूकी गिरफ्तार

बता दें कि ISIS के इंडिया चीफ हरीश अजमल फारूकी और उसके साथी को असम STF ने 20 मार्च को धुबरी सेक्टर के धर्मशाला इलाके से गिरफ्तार कर लिया था। इन दोनों आरोपियों को NIA ने भी वांटेड लिस्ट में डाला था। फारूकी भारत में ISIS का प्रमुख है। इसके साथ ही एसटीएफ ने हारिस के सहयोगी अनुराग सिंह उर्फ रेहान को भी गिरफ्तार किया। ये भी पढ़ें - दिल्ली हाईकोर्ट से केजरीवाल को बड़ा झटका : गिरफ्तारी और रिमांड को चुनौती देने वाली याचिका पर तत्काल सुनवाई से किया इनकार
People's Reporter
By People's Reporter

Latest Posts