Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

Flight Bomb Threat : फर्जी धमकियों के कारण एयरलाइंस को हर घंटे लाखों का नुकसान, शरारत करने वालों की आएगी शामत, सरकार लाएगी सख्त कानून

Follow on Google News
Flight Bomb Threat : फर्जी धमकियों के कारण एयरलाइंस को हर घंटे लाखों का नुकसान, शरारत करने वालों की आएगी शामत, सरकार लाएगी सख्त कानून
नई दिल्ली। देश में लगातार फ्लाइट्स को बम से उड़ाने की धमकियों ने सुरक्षा एजेंसियों और यात्रियों की परेशानी बढ़ा दी है। बीते कुछ दिनों में ऐसी फर्जी धमकियों की संख्या बढ़ने से इंडियन एयरलाइंस को ऑपरेशनल कॉस्ट में भारी वृद्धि का सामना करना पड़ रहा है। विमानन विशेषज्ञों का कहना है कि उड़ानों के डायवर्जन के कारण एयरलाइंस को प्रति घंटे 13 से 17 लाख रुपए तक का नुकसान हो रहा है। साथ ही, उड़ानों में बम की फर्जी धमकी देने वालों के खिलाफ केंद्र सरकार नया कानून लाने की तैयारी में है।

72 घंटों में मिली 13 धमकियां

पिछले 72 घंटों में बम धमकी की 13 घटनाएं सामने आई हैं, जिससे कई उड़ानें प्रभावित हुईं। इस मुद्दे पर चर्चा के लिए बुधवार को परिवहन पर संसदीय स्थायी समिति की बैठक हुई। इसमें नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू ने मंत्रालय और DGCA के अधिकारियों से विचार-विमर्श किया। मंत्रालय अब इन फर्जी कॉल के स्रोतों का पता लगाने के लिए लॉ एनफोर्समेंट एजेंसियों के साथ काम कर रहा है। पकड़े जाने पर अपराधियों को ‘नो-फ्लाई लिस्ट’ में शामिल किए जाने की संभावना है। मामले को लेकर उड्डयन मंत्रालय, नागरिक उड्डयन सुरक्षा ब्यूरो और गृह मंत्रालय लगातार स्थिति का आकलन कर रहा है। सरकार की कोशिश है कि इस तरह की घटनाओं पर जल्द से जल्द रोक लगाई जाए और यात्रियों को सुरक्षित यात्रा का माहौल प्रदान किया जा सके।

कई एयरलाइनों की उड़ानें प्रभावित

इस सप्ताह की शुरुआत से एयर इंडिया, इंडिगो, अकासा एयर और स्पाइसजेट जैसी प्रमुख एयरलाइंस की उड़ानें बम धमकियों से बाधित हुई हैं। मंगलवार को दिल्ली से शिकागो जा रही एयर इंडिया की एक उड़ान को धमकी के बाद कनाडा के दूरदराज के हवाई अड्डे पर उतारना पड़ा। इसके अलावा, सऊदी अरब से लखनऊ आ रही इंडिगो की फ्लाइट को जयपुर में आपात लैंडिंग करानी पड़ी। वहीं, अयोध्या से एयर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ान का रूट डायवर्ट किया गया।

सात उड़ानें मंगलवार को रहीं प्रभावित

मंगलवार को अकासा एयर और एलायंस एयर की कई उड़ानों सहित सात और उड़ानें बम धमकियों के कारण बाधित हुईं। सोमवार को भी इंडिगो और एयर इंडिया की कई उड़ानों को इसी तरह की धमकियों का सामना करना पड़ा, जिसके चलते विमानन कंपनियों को इमरजेंसी सहित कई डायवर्जन प्रक्रियाएं करनी पड़ी।

ऑपरेशनल कॉस्ट में भारी बढ़ोतरी

लगातार मिल रही झूठी धमकियों से एयरलाइंस की ऑपरेशनल कॉस्ट में भारी इजाफा हुआ है। विशेषज्ञों के अनुसार, उड़ानों के डायवर्जन और आपातकालीन लैंडिंग से एयरलाइंस को भारी आर्थिक नुकसान हो रहा है। ऐसे समय में जब विमानन कंपनियां पहले से ही महंगे ईंधन और बढ़ती लागतों से जूझ रही हैं, ये घटनाएं उनकी मुश्किलें और बढ़ा रही हैं। अफवाह से फ्लाइट डायवर्जन के चलते एयरलाइन कंपनियों को प्रति घंटे करीब 13 से 17 लाख रुपए तक के नुकसान की संभावना है।
Shivani Gupta
By Shivani Gupta

शिवानी गुप्ता | MCU, भोपाल से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में ग्रेजुएशन | 9 वर्षों की टीवी और डिजिटल तक की य...Read More

Latest Posts