
मध्यप्रदेश के गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा का बड़ा बयान सामने आया है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा कि अब देखना होगा कि राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ मध्यप्रदेश में कितने लीटर चलती है ? राहुल गांधी का भाषण बाद में हांस्य में पता नहीं क्यों तब्दील हो जाता है।
गृह मंत्री ने कांग्रेस पर साधा निशाना
राहुल गांधी आज गुजरात दौरे पर हैं। इससे पहले गुजरात युवक कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष ने इस्तीफा दे दिया है। गृह मंत्री ने निशाना साधते हुए कहा कि पूरे देश के अंदर इसी तरह का आलम है कि जहां राहुल गांधी जाते हैं, उससे पहले कांग्रेस बिखर जाती है। राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा ‘कांग्रेस छोड़ो यात्रा’ में बदल गई है। कांग्रेस का भारत जोड़ो अभियान शुरू हो या ना हो लेकिन कांग्रेस छोड़ो अभियान शुरू हो गया है।
इसलिए कांग्रेस को सोशल मीडिया का सहारा लेना पड़ता है…
गृह मंत्री ने कहा कि कांग्रेस के बड़े नेता जनता के बीच नहीं जाते हैं इसलिए कांग्रेस को सोशल मीडिया का सहारा लेना पड़ता है। जनता सब समझती है कि दूर बैठकर ये उन्हें चेताना चाहते हैं तो ये ठीक नहीं है। जनता के बीच जाना पड़ेगा, ये डेमोक्रेसी है।
पोषण आहार घोटाले मामले पर बोले गृह मंत्री
पोषण आहार घोटाले मामले पर गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि सीएजी की रिपोर्ट राय होती है, अंतिम निर्णय नहीं होता। अकाउंट कमेटी अंतिम निर्णय करती है, कभी-कभी विधानसभा की लोक लेखा समिति के पास भी मामला जांच के लिए जाता है।