Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

Himachal Accident :लाहौल-स्पीति में कार पर गिरी चट्टान, 13 लोगों की मौत; खराब मौसम से रेस्क्यू में मुश्किल

हिमाचल प्रदेश के लाहौल और स्पीति जिले में कडू नाला के पास पहाड़ी से चट्टान गिरने से टाटा सूमो टैक्सी हादसे का शिकार हो गई। हादसे में 13 लोगों की मौत हो गई। प्रशासन, पुलिस और बीआरओ की टीमें राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हैं।
लाहौल-स्पीति में कार पर गिरी चट्टान, 13 लोगों की मौत; खराब मौसम से रेस्क्यू में मुश्किल
हिमाचल के कडू नाला में बड़ा हादसा

हिमाचल प्रदेश के जनजातीय जिला लाहुल-स्पीति में शुक्रवार (24 जुलाई 2026) दोपहर एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। उदयपुर-किलाड़ (तांदी-संसारी राष्ट्रीय राजमार्ग) पर कडू नाला के पास पहाड़ी से भारी चट्टानें और मलबा अचानक नीचे गिर गया, जिसकी चपेट में एक टाटा सूमो टैक्सी आ गई। इस हादसे में 13 लोगों की मौत हो गई। हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया।

मार्ग खुलते ही पांगी के लिए निकली थी टैक्सी

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, टैक्सी (HP-01M-2210) कुल्लू से पांगी की ओर जा रही थी। वाहन में चालक समेत करीब 14 लोग सवार थे। बताया जा रहा है कि एक दिन पहले सड़क बंद होने के कारण सभी यात्री तिंदी में रुके हुए थे। शुक्रवार को रास्ता खुलने के बाद टैक्सी अपने गंतव्य के लिए रवाना हुई, लेकिन कडू नाला के पास यह दर्दनाक हादसा हो गया।

Twitter Post

हादसे के तुरंत बाद सीमा सड़क संगठन (BRO) के कर्मचारियों ने राहत कार्य शुरू किया। मलबे से एक घायल को निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई।

प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची

हादसे की सूचना मिलते ही लाहुल पुलिस, तिंदी थाना पुलिस, उदयपुर प्रशासन, जिला उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक और अन्य बचाव एजेंसियों की टीमें मौके पर पहुंच गईं। पांगी के कार्यकारी आवासीय आयुक्त एवं एसडीएम अमनदीप सिंह भी घटनास्थल के लिए रवाना हो गए हैं और राहत कार्यों की निगरानी कर रहे हैं।

Featured News

मलबा हटाने का काम जारी, रेस्क्यू में मौसम बना चुनौती

बचाव दल युद्ध स्तर पर मलबा हटाकर वाहन तक पहुंचने की कोशिश कर रहे हैं। आशंका है कि हादसे के समय वाहन में सवार अन्य लोग भी मलबे में फंसे हो सकते हैं। हालांकि, लगातार खराब मौसम और पहाड़ी से गिर रहे पत्थरों के कारण राहत एवं बचाव अभियान में काफी मुश्किलें आ रही हैं।

प्रशासन ने अफवाहों से बचने की अपील की

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे हादसे को लेकर किसी भी तरह की अपुष्ट जानकारी या सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों पर भरोसा न करें। केवल प्रशासन और आधिकारिक एजेंसियों द्वारा जारी जानकारी को ही सही मानें।

फिलहाल प्रशासन मृतकों की पहचान और हादसे के कारणों की पुष्टि करने में जुटा है। राहत और बचाव अभियान जारी है तथा अधिकारियों का कहना है कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

Shivani Gupta
By Shivani Gupta

शिवानी गुप्ता | MCU, भोपाल से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में ग्रेजुएशन | 9 वर्षों की टीवी और डिजिटल तक की य...Read More

Latest Posts