PlayBreaking News

हरसूद : सूने घर में चोरों का धावा, नकदी सहित लाखों के सोने-चांदी के आभूषणों पर हाथ साफ

हरसूद के एक सूने घर में सेंध लगाकर चोरों ने लाखों के जेवरों पर हाथ साफ कर दिया। चोरों ने घर में लगे चेनल गैट सहित घर में लगे आधा दर्जन से अधिक तालों को तोड़कर चोरी की। जेवरों के अलावा चोर घर में रखे 2 लाख 50 हजार रुपए भी ले गए।
Follow on Google News
हरसूद के सूने घर में लाखों के जेवरात और नकदी चोरी

हरसूद। नगर की महावीर कॉलोनी में एक बार फिर चोरों ने सूने मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है और स्थानीय लोगों ने पुलिस की रात्रि गश्त पर सवाल उठाए हैं। वार्ड क्रमांक-8 निवासी राजेश कुमार शर्मा के घर में घुसे चोरों ने चैनल गेट सहित आधा दर्जन से अधिक ताले तोड़कर घर में रखी नगदी और सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। लगातार सामने आ रही चोरी की घटनाओं से कॉलोनी के रहवासी खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।

परिवार इंदौर में था, पड़ोसियों ने बताया-चोरी हो गई 

शिकायतकर्ता राजेश कुमार शर्मा ने पुलिस को बताया कि उनके बच्चे इंदौर में नौकरी करते हैं, जिसके कारण उनका इंदौर आना-जाना लगा रहता है। उनकी बड़ी बहन कृष्णा शर्मा भी महावीर कॉलोनी, छनेरा में रहती हैं और 1 जुलाई को अपने बच्चे के साथ परिवार से मिलने इंदौर गई थीं। इसी दौरान घर सूना था। बुधवार को पड़ोसियों ने फोन कर बताया कि घर के ताले टूटे हुए हैं और चोरी हो गई है। सूचना मिलते ही परिवार हरसूद पहुंचा और मामले की जानकारी पुलिस को दी।

2.50 लाख नकद समेत सोने-चांदी के आभूषण ले गए चोर 

पीड़ित के अनुसार चोर घर से करीब 2.50 लाख रुपए नकद, चांदी के 15 सिक्के, भगवान की मूर्ति, चांदी का एक नारियल, दो सोने की अंगूठियां, एक मंगलसूत्र सहित अन्य सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर ले गए। चोरों ने अलमारी और घर के अन्य हिस्सों को भी खंगाला। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हालांकि घटना को चार दिन से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन अभी तक पुलिस के हाथ कोई ठोस सुराग नहीं लग सका है।

पुरानी वारदातों का भी नहीं हुआ खुलासा 

स्थानीय लोगों का कहना है कि हरसूद और पुनर्वास स्थल नया हरसूद क्षेत्र में इससे पहले भी महावीर कॉलोनी, वार्ड क्रमांक-9 और 10 सहित कई स्थानों पर चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं। इसके अलावा मार्च माह में मुख्य बाजार में सराफा व्यापारी सुंदरलाल सोनी से करीब 18 लाख रुपए की लूट की वारदात भी हुई थी। इन मामलों का अब तक खुलासा नहीं हो सका है, जिससे लोगों का पुलिस पर भरोसा कमजोर पड़ता दिखाई दे रहा है।

बढ़ती वारदातों से लोगों में दहशत 

महावीर कॉलोनी में हुई ताजा चोरी ने एक बार फिर क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। लगातार हो रही चोरी और लूट की घटनाओं से लोगों में भय का माहौल है।

 

Satyendra Thakur
By Satyendra Thakur
नई दिल्ली
--°
बारिश: -- mmह्यूमिडिटी: --%हवा: --
Source:AccuWeather
icon

Latest Posts