हरदा के ग्राम खेड़ा में दर्दनाक हादसा, पानी से भरी बाल्टी में डूबने से एक साल की मासूम की मौत

हरदा। जिले के हंडिया थाना क्षेत्र के ग्राम खेड़ा में सोमवार शाम एक दर्दनाक हादसे में एक साल की मासूम बच्ची की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि बच्ची घर के आंगन में अन्य बच्चों के साथ खेल रही थी। इसी दौरान वह पानी से भरी बाल्टी में गिर गई। हादसे के बाद परिजन बच्ची को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जिला अस्पताल पुलिस चौकी से मिली जानकारी के अनुसार, मृत बच्ची की पहचान एक वर्षीय मोनिका, पिता बदम भाबोर, निवासी ग्राम खेड़ा के रूप में हुई है। घटना सोमवार 31 अगस्त की शाम करीब साढ़े 6 बजे की बताई जा रही है।
खेलते समय बाल्टी में गिरी मासूम
मिली जानकारी के मुताबिक, मोनिका शाम के समय घर के आंगन में अन्य छोटे बच्चों के साथ खेल रही थी। खेलते-खेलते वह घर में रखी पानी से भरी बाल्टी के पास पहुंच गई। बताया गया कि बाल्टी के अंदर देखने की कोशिश के दौरान उसका संतुलन बिगड़ गया और वह सिर के बल पानी से भरी बाल्टी में जा गिरी। हादसे के वक्त बच्ची के माता-पिता घर के कामों में व्यस्त थे। कुछ समय तक बच्ची की आवाज सुनाई नहीं देने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। इसी दौरान वह बाल्टी में अचेत अवस्था में मिली। बच्ची को देखकर परिवार में चीख-पुकार मच गई।
अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
परिजन आनन-फानन में मासूम को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां आपातकालीन ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टरों ने जांच के बाद बच्ची को मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस टीम भी अस्पताल पहुंची और आवश्यक कार्रवाई पूरी की। फिलहाल बच्ची के शव को जिला अस्पताल की मर्चुरी में रखा गया है। पुलिस के अनुसार, मंगलवार सुबह पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। मासूम की अचानक हुई मौत के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। इस दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को भी गमगीन कर दिया है।




















