हरदा में खाद और बिजली संकट पर किसानों का प्रदर्शन, प्रशासन को 7 दिन का अल्टीमेटम

हरदा। रबी सीजन से पहले खाद और बिजली की समस्या को लेकर हरदा में किसानों का आक्रोश बढ़ रहा है। किसानों का कहना है कि खाद के लिए उन्हें भटकना पड़ रहा है, लेकिन इसके बावजूद पर्याप्त खाद नहीं मिल पा रही है। इन समस्याओं को लेकर किसान आक्रोश मोर्चा ने गुरुवार को हरदा कलेक्टर के नाम एसडीएम शैलेन्द्र बड़ोनिया को ज्ञापन सौंपा। मोर्चा ने मक्का खरीदी, डीएपी खाद की उपलब्धता और दिन में 10 घंटे बिजली देने समेत छह प्रमुख मांगें रखीं। साथ ही मांगें पूरी करने के लिए प्रशासन को सात दिन का अल्टीमेटम दिया है।
खाद के लिए भटक रहे किसान, टोकन के बाद भी निराशा
किसानों के मुताबिक, हरदा मुख्यालय पर दूरदराज के क्षेत्रों से किसान खाद का टोकन बुक कराने पहुंच रहे हैं। इसके बावजूद उन्हें खाद मिलने में परेशानी हो रही है। दूसरी ओर, कृषि विभाग खाद की पर्याप्त व्यवस्था होने का दावा कर रहा है। खाद की उपलब्धता को लेकर किसानों और विभाग के दावों के बीच स्थिति को लेकर नाराजगी बनी हुई है।
मक्का के भाव और डीएपी खाद का मुद्दा उठाया
ज्ञापन के दौरान किसानों ने मंडी में मक्का के भाव का मुद्दा भी उठाया। किसानों का कहना है कि बाजार में मक्का समर्थन मूल्य 2400 रुपये प्रति क्विंटल से काफी कम कीमत पर बिक रही है। इससे उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। इसके अलावा आगामी गेहूं और चने की बुआई के लिए डीएपी खाद की उपलब्धता नहीं होने की समस्या भी बताई गई। किसान आक्रोश मोर्चा ने किसानों को जल्द पर्याप्त मात्रा में डीएपी खाद उपलब्ध कराने की मांग की है।
रात के बजाय दिन में 10 घंटे बिजली देने की मांग
किसानों ने कृषि कार्य के लिए रात के बजाय दिन में लगातार 10 घंटे गुणवत्तापूर्ण बिजली उपलब्ध कराने की मांग रखी। किसानों का कहना है कि रात में खेतों में सिंचाई करने के दौरान जंगली जानवरों और जहरीले जीव-जंतुओं का डर बना रहता है। ऐसे में दिन के समय बिजली मिलने से उन्हें राहत मिल सकती है। मोर्चा ने सिंचाई के लिए नहरों की सफाई कराने और उनमें पानी छोड़ने की मांग भी की है, ताकि किसानों को फसलों की सिंचाई में परेशानी न हो।
सात दिन में मांगें पूरी नहीं हुईं तो तालाबंदी की चेतावनी
किसान आक्रोश मोर्चा ने सरकार को सात दिन का अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी कि यदि किसानों की मांगों का समाधान नहीं किया गया, तो वे कृषि विभाग और विद्युत कंपनी के कार्यालयों में तालाबंदी करने को बाध्य होंगे। मोर्चा ने प्रशासन से खाद, बिजली, सिंचाई और उपज के उचित दाम से जुड़ी समस्याओं का जल्द समाधान करने की मांग की। ज्ञापन सौंपने के दौरान बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।




















