हरदा में बिजली चोरी के खिलाफ ताबड़तोड़ कार्रवाई, 153 प्रकरण दर्ज; 26.37 लाख की बिलिंग

हरदा। मध्यप्रदेश राज्य के हरदा जिले में बिजली चोरी और अनाधिकृत बिजली उपयोग के खिलाफ विद्युत वितरण कंपनी ने बुधवार को सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में 23 चेकिंग दलों ने पहुंचकर विद्युत कनेक्शनों की जांच की। अभियान में बिजली चोरी और अनाधिकृत उपयोग के कुल 153 प्रकरण दर्ज किए गए। इन सभी मामलों में कंपनी ने 26.37 लाख रुपए की बिलिंग की है।
23 चेकिंग दलों ने की जांच
मध्यप्रदेश मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड, हरदा वृत्त की ओर से यह अभियान जिला मुख्यालय समेत विभिन्न वितरण केंद्रों और क्षेत्रों में चलाया गया। चेकिंग दल रहवासी और बाजार क्षेत्रों में पहुंचे और विद्युत कनेक्शनों की जांच की। कंपनी के महाप्रबंधक सुरेश कुमार ने बताया कि अभियान के लिए कुल 23 चेकिंग दल गठित किए गए थे। इन दलों ने अलग-अलग क्षेत्रों में सघन जांच की। इस दौरान बिजली चोरी और बिजली के अनाधिकृत उपयोग से जुड़े 153 प्रकरण सामने आए।
धारा 126 और 135 के तहत कार्रवाई
कंपनी के मुताबिक, दर्ज किए गए सभी मामलों में विद्युत अधिनियम-2003 की धारा 126 और 135 के तहत कार्रवाई की गई है। इन प्रकरणों में कुल 26.37 लाख रुपये की बिलिंग की गई है। अब संबंधित लोगों को नोटिस जारी किए जाएंगे और नियमों के अनुसार वसूली की कार्रवाई की जाएगी।
आगे भी जारी रहेगा चेकिंग अभियान
विद्युत वितरण कंपनी ने स्पष्ट किया है कि बिजली चोरी और अनाधिकृत विद्युत उपयोग के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। जांच दल जिलेभर में भ्रमण कर विद्युत कनेक्शनों की जांच करेंगे। नियमों का उल्लंघन मिलने पर संबंधित उपभोक्ताओं के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। कंपनी ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे केवल वैध विद्युत कनेक्शन का इस्तेमाल करें। कंपनी के अनुसार बिजली चोरी से सिर्फ वितरण कंपनी को आर्थिक नुकसान नहीं होता, बल्कि इसका असर ईमानदारी से बिजली बिल चुकाने वाले उपभोक्ताओं पर भी पड़ता है।




















