बारिश में बदहाल हरदा जिला अस्पताल!गंदगी के बीच इलाज कराने को मजबूर मरीज, संक्रमण का खतरा बढ़ा

हरदा जिला अस्पताल में बारिश के दौरान सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। पोस्टमार्टम कक्ष, ट्रॉमा सेंटर और अस्पताल परिसर में गंदगी व जलभराव से मरीज परेशान हैं। प्रबंधन ने सफाई कर्मचारियों की कमी को वजह बताया, जबकि नागरिक संक्रमण के खतरे को लेकर चिंता जता रहे हैं।
हरदा अस्पताल की खुली पोल

हरदा के शासकीय जिला अस्पताल में बारिश के दौरान सफाई व्यवस्था की पोल खुल गई है। पोस्टमार्टम कक्ष, ट्रॉमा सेंटर के मुख्य द्वार और अस्पताल परिसर के कई हिस्सों में गंदगी का अंबार लगा हुआ है। तेज बारिश के कारण पानी की निकासी भी नहीं हो पा रही है, जिससे कई जगह जलभराव की स्थिति बन गई है।

दीवारें बनीं पीकदान, शौचालयों की हालत खराब

अस्पताल के शौचालय और दीवारें भी गंदगी से अटी पड़ी हैं। कई जगह लोग दीवारों पर पान-गुटखा थूक रहे हैं, लेकिन इसे रोकने के लिए कोई सख्ती नजर नहीं आती। मरीजों और उनके परिजनों का कहना है कि अस्पताल में साफ-सफाई पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जा रहा।

मरीजों में संक्रमण का खतरा

अस्पताल परिसर में फैली गंदगी और रुके हुए पानी से मच्छरों के पनपने का खतरा बढ़ गया है। लोगों का कहना है कि इससे संक्रमण फैलने की आशंका भी बढ़ रही है। जिले की सबसे बड़ी स्वास्थ्य संस्था में ऐसी स्थिति चिंता का विषय बनी हुई है।

Breaking News

प्रबंधन ने स्टाफ की कमी बताई

रोगी कल्याण समिति के सचिव राजेश पाटनी ने बताया कि लगातार बारिश के कारण सफाई व्यवस्था प्रभावित हुई है। उन्होंने कहा कि जल्द ही नालियों और पूरे अस्पताल परिसर की सफाई कराई जाएगी।

34 सफाईकर्मी, फिर भी व्यवस्था सवालों के घेरे में

जानकारी के मुताबिक अस्पताल में 34 सफाई कर्मचारी तैनात हैं। इनमें कुछ कर्मचारी रात की ड्यूटी भी करते हैं। करीब छह एकड़ में फैले अस्पताल परिसर और डेढ़ लाख वर्गफीट में बने भवनों की सफाई के लिए यह संख्या कम पड़ रही है। इसी वजह से अस्पताल की स्वच्छता व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।

(Edited By - Shivani Gupta)

Uttam Tenguriya
By Uttam Tenguriya

हरदा जिला ब्यूरों - पीपुल्स समाचार संभागीय अध्यक्ष ( नर्मदापुरम) - पत्रकार कल्याण परिषद संचालक -...Read More

Latest Posts